सरस्वती कला मंच की रामलीला में पंचवटी लीला का मंचन, खर-दूषण वध ने बांधा दर्शकों को
1 min read
विकासनगर। सरस्वती कला मंच की रामलीला में पंचवटी लीला और खर-दूषण वध का प्रभावशाली मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय से दर्शकों को रामायण के महत्वपूर्ण प्रसंगों से रूबरू कराया। लीला के दौरान भगवान राम की मर्यादा, माता सीता के प्रति उनके प्रेम और लक्ष्मण के पराक्रम का सुंदर चित्रण किया गया। लीला के प्रथम दृश्य में भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण पंचवटी में अपना आश्रय बनाते हैं। इस दौरान राम और सीता के बीच वनवास के जीवन को लेकर संवाद होता है। भगवान राम वन में बिताए जा रहे समय को सुखद बताते हैं। इसी बीच लंकापति रावण की बहन सूर्पनखा वहां पहुंचती है। राम और लक्ष्मण को देखकर वह भगवान राम से विवाह करने की इच्छा प्रकट करती है।
भगवान राम सूर्पनखा को अपना परिचय देते हुए बताते हैं कि वह अयोध्या के राजा दशरथ के पुत्र हैं और लक्ष्मण उनके भाई हैं, जबकि माता सीता उनकी धर्मपत्नी हैं। सूर्पनखा राम से विवाह का प्रस्ताव रखती है, लेकिन भगवान राम मर्यादा का पालन करते हुए उसे अस्वीकार कर देते हैं। इसके बाद सूर्पनखा लक्ष्मण के पास पहुंचकर उनसे विवाह करने की इच्छा जताती है। लक्ष्मण भी उसके प्रस्ताव को ठुकरा देते हैं।
दोनों भाइयों से निराश होने के बाद सूर्पनखा अपना विकराल रूप धारण कर माता सीता पर आक्रमण करने का प्रयास करती है। यह देखकर लक्ष्मण उसके नाक-कान काट देते हैं। अपमानित सूर्पनखा क्रोध में अपने भाइयों खर और दूषण के पास पहुंचती है तथा पूरी घटना बताकर उन्हें राम-लक्ष्मण के विरुद्ध भड़काती है। बहन के अपमान से क्रोधित खर और दूषण अपनी सेना के साथ पंचवटी पर आक्रमण कर देते हैं। इसके बाद भगवान राम और राक्षसों के बीच भीषण युद्ध होता है। अंततः भगवान राम खर और दूषण का वध कर देते हैं। इसी रोमांचक प्रसंग के साथ लीला का विश्राम हुआ। रामलीला के मंचन में कलाकारों ने संवाद, अभिनय और भाव-भंगिमाओं के माध्यम से प्रसंग को जीवंत बनाया। लीला देखने पहुंचे दर्शकों ने कलाकारों के अभिनय की सराहना की।
रामलीला के मंचन में नवनीत वर्मा, विकास शर्मा, सियाराम पटेल, विकास पुंडीर, संजय धीमान, संजीव भारद्वाज, राहुल मित्तल, प्रदीप ठाकुर, रविंद्र सैनी, अभिषेक रोहिल्ला, संजय वर्मा, विनीत रोहिल्ला, अमरीश ठाकुर, नोनी राणा, महिपाल, नीरज ग्रोवर, सतपाल राठौर, नैतिक धीमान, शाश्वत कपिल, आंचल गुप्ता, आस्था गुप्ता, चंद्रकला, पूर्ण चंदोला, राकेश गुलरिया और हादी सहित अन्य कलाकारों ने विभिन्न भूमिकाओं में भाग लिया।
