गुरु नानक फिफ्थ सेंटेनरी स्कूल ने धूमधाम से मनाया 57वां स्थापना दिवस

1 min read

मसूरी। गुरु नानक फिफ्थ सेंटेनरी स्कूल ने अपना 57वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। साथ ही वर्षभर की शैक्षणिक, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पदक और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी के निदेशक डॉ. बी. राजेंद्र रहे। विद्यालय पहुंचने पर एनसीसी कैडेट्स ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल तिवारी ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने आईसीएसई एवं आईएससी परीक्षा परिणाम-2026, शैक्षणिक प्रगति, खेलकूद उपलब्धियों, नगर कीर्तन तथा अंतर-सदनीय एवं अंतर-विद्यालयी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों के प्रदर्शन की जानकारी दी। समारोह का शुभारंभ स्वागत नृत्य और शिव वंदना से हुआ। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कनिष्ठ वर्ग के अंग्रेजी नाटक ‘मी टू वी’ के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और पृथ्वी को बचाने के लिए सामूहिक प्रयासों का संदेश दिया गया। वहीं, अंग्रेजी नाटक ‘डियर डिपार्टेड’ ने हास्य-व्यंग्य के जरिए बदलते पारिवारिक रिश्तों और संवेदनाओं पर कटाक्ष किया।
गढ़वाली लोक संस्कृति पर आधारित ‘चैता की चैतवाली’ ने उत्तराखंड की लोक परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की। हिंदी नाटक ‘यमराज के वरदान’ के साथ पंजाबी लोक संस्कृति की पहचान गिद्दा और ऊर्जावान भांगड़ा ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। वाद्य संगीत और गायन की प्रस्तुतियों ने भी कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। मुख्य अतिथि डॉ. बी. राजेंद्र ने शैक्षणिक और खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पदक एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा, मेहनत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय व्यक्तित्व निर्माण की ऐसी भूमि है, जहां भविष्य के नागरिक तैयार होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।
जीएनएफसी समिति के सचिव सरदार महेंद्र पाल सिंह ने अपने संबोधन में विद्यालय की प्रगति और भविष्य की योजनाओं से अभिभावकों को अवगत कराया। उन्होंने विद्यालय के शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम विकास में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया। समारोह में लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी के प्रोफेसर डॉ. बगाड़ी गौतम, डिप्टी डायरेक्टर अस्वाथी सेलुराज, सरदारनी जसवीन कौर, असीस कौर, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष ओपी उनियाल, उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष जोत सिंह गुनसोला, सभासद जसबीर कौर, रोटरी क्लब अध्यक्ष अश्वनी मित्तल, शिवम गुप्ता, राजन विरमानी, सरदार इंद्रजीत सिंह, सरदार त्रिलोचन सिंह, सतनाम सिंह, प्रशासनिक अधिकारी सुनील बख्शी, मुख्य अध्यापक कुलदीप सिंह त्यागी सहित विद्यालय के शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी, पूर्व छात्र-छात्राएं, अभिभावक और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.