हरिद्वार में ‘पोषण भी, पढ़ाई भी’ कार्यक्रम का शुभारंभ

1 min read

हरिद्वार। आईटीसी मिशन सुनहरा कल एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को विकास भवन, हरिद्वार में ‘पोषण भी, पढ़ाई भी’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन महिला एवं बाल विकास विभाग के निदेशक बंशी लाल राणा ने किया। यह पहल आईटीसी लिमिटेड एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के बीच 10 जुलाई को हुए समझौता ज्ञापन (डवन्) के अंतर्गत शुरू की गई है। इसका उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, देखभाल एवं गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा को एकीकृत करते हुए उनके सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों को बेहतर पोषण, गुणवत्तापूर्ण देखभाल एवं प्रभावी स्कूल-पूर्व शिक्षा उपलब्ध कराकर उन्हें विद्यालय के लिए तैयार करना है। इसके तहत आंगनवाड़ी केंद्रों को सशक्त एवं बाल-अनुकूल शिक्षण केंद्रों के रूप में विकसित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
आंगनवाड़ी केंद्रों में खेल-खेल में सीखने, कहानी सुनाने, कविता एवं गीत, चित्रों, खिलौनों तथा विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की भाषा एवं संचार क्षमता, तार्किक सोच, रचनात्मकता, सामाजिक-भावनात्मक विकास और शारीरिक कौशल को बढ़ावा दिया जाएगा। बच्चों की आयु एवं विकास के स्तर के अनुरूप गतिविधियां आयोजित कर उनमें रंगों, आकारों, गिनती, पहचान, सुनने-बोलने, प्रश्न पूछने और अपनी बात व्यक्त करने जैसी प्रारंभिक क्षमताओं का विकास किया जाएगा।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.