एमपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव का गतिरोध समाप्त, 29 सितंबर को होगा मतदान
1 min readमसूरी। एमपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव को लेकर पिछले दिनों उत्पन्न हुआ गतिरोध अब समाप्त हो गया है। आपसी सहमति बनने के बाद छात्रसंघ चुनाव निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 सितंबर को कराने का निर्णय लिया गया है। छात्रसंघ चुनाव के तहत स्क्रूटनी के दौरान दो छात्र संगठनों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया था। बाद में दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद विवाद का पटाक्षेप हो गया। इसके बाद महाविद्यालय में लिंगदोह समिति की सिफारिशों एवं उत्तराखंड शासन द्वारा किए गए यथासंशोधित प्रावधानों के क्रम में प्राचार्य कक्ष में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में छात्रसंघ चुनाव की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने तथा चुनाव 29 सितंबर को कराने की घोषणा की गई। साथ ही चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की अंतिम सूची भी जारी कर दी गई।
जारी अंतिम सूची के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए मनन शाही, विकास सिंह और विधांत थापली चुनाव मैदान में हैं। सचिव पद के लिए अंकित रोछेला, आशुतोष जोशी और प्रियांशु कंडारी प्रत्याशी हैं। उपाध्यक्ष पद पर गौरव सिंह, सह-सचिव पद पर ईशा तथा कोषाध्यक्ष पद पर सलोनी का नाम है। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए करिश्मा दुमोगा और संध्या प्रत्याशी हैं। इस प्रकार प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी होने के साथ ही चुनाव को लेकर बना गतिरोध समाप्त हो गया है और अब 29 सितंबर को मतदान कराया जाएगा।
