डीएवी में छात्रसंघ चुनाव के लिए एनएसयूआई ने सौरभ सेमवाल को किया प्रत्याशी घोषित

देहरादून। राजधानी में छात्र संघ चुनाव को लेकर सिसायी सरगर्मियां तेज हो गई है। एनएसयूआई (नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया) ने देहरादून के डीएवी पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव को लेकर अध्यक्ष पद के लिए सौरभ सेमवाल को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। एनएसयूआई से टिकट मिलने के बाद सौरभ सेमवाल ने संगठन का आभार जताया है।
सौरभ सेमवाल ने कहा कि संगठन ने जिस भरोसे के साथ उन्हें जिम्मेदारी दी है, उस पर वह पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ काम करेंगे। सौरभ सेमवाल ने कहा कि एनएसयूआई ने साल 2023 में कॉलेज में जीत दर्ज कर अपना परचम लहराया था और इस बार भी संगठन की जीत के लिए पूरी ताकत के साथ काम किया जाएगा।सौरभ सेमवाल ने दावा किया कि पूर्व में एनएसयूआई की ओर से किए गए कई वादों को पूरा किया गया है, जिनमें वेलफेयर कॉमन रूम, शॉर्टकट पर झंडा लगाने और शिक्षकों की नियुक्ति जैसे मुद्दे शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इस बार छात्रों के लिए छात्रावास निर्माण को प्रमुख मुद्दे के रूप में आगे रखा जाएगा।
सौरभ सेमवाल ने कहा कि छात्रावास की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए वह पूरी मजबूती से प्रयास करेंगे। संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसके अनुरूप वह डीएवी पीजी कॉलेज में एनएसयूआई को जीत दिलाने के लिए पूरी मेहनत करेंगे और संगठन का नाम रोशन करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने छात्रों से एनएसयूआई के पक्ष में समर्थन की अपील भी की।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.