गढ़वाल सभा भवन व भिलाडू स्टेडियम की स्वीकृति मिलने पर मंत्री जोशी का आभार व्यक्त किया
मसूरी। भाजपा मसूरी मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल एवं नगर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए लंबे समय से गढवाल सभा मसूरी के भवन एवं धर्मशाला की मांग को उत्तराखंड कैबिनेट में मंजूरी दिए जाने पर प्रदेश नेतृत्व, मुख्यमंत्री व मंत्री गणेश जोशी का धन्यवाद कर आभार व्यक्त किया है।
कुलडी मालरोड स्थित एक रेस्टोरेंट में आयोजित पत्रकार वार्ता में पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि गढवाल सभा के भवन को कैबिनेट में मंजूरी देने व भिलाडू स्टेडियम को वन एव पर्यावरण विभाग द्वारा हरी झंडी दिए जाने पर प्रदेश के काबीना मंत्री गणेश जोशी सहित प्रदेश नेतृत्व, कैबिनेट व मुख्यमंत्री का विशेष आभार व्यक्त किया गया। पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि लाइब्रेरी में पुरूकुल रोपवे के कारण गढवाल सभा के भवन का मामला लंबित हो गया था जिस पर कैबिनेट ने कैंपटी पार्किग के समीप भवन के लिए 977 वर्ग मीटर भूमि को मंजूरी दी गयी है जिसका निर्माण एमडीडीए के माध्यम से कराया जायेगा। वहीं उन्होंने कहा कि भिलाडू खेल स्टेडियम का मामला भी वन एवं पर्यावरण विभाग की आपत्ति का मंत्री गणेश जोशी के प्रयास से निस्तारण हो गया है व भिलाडू स्टेडियम का रास्ता साफ हो गया है जिसके लिए पालिका की ओर से भिलाडू स्टेडियम जाने वाले मार्ग का निर्माण किया जायेगा। उन्होंने कहा कि तहसील के लिए भूमि का चयन किया जा रहा है जब तक भूमि नहीं मिलती तब तक तहसील को यूथ हास्टल में संचालित किया जायेगा। उन्होने शहीद स्थल पर म्यूजियम में विलब का कारण समिति की सहमति न मिलने से नहीं हो पाया उनकी सहमति मिलते ही इसका निर्माण किया जायेगा। उन्होंने यह भी कहा कि मसूरी देहरादून मार्ग की हालत खराब होने के बाद मंत्री जोशी के प्रयासों से रोड बंद नहीं होने दी गयी व लगातार दिन रात रोड का कार्य किया जाता रहा। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने गढवाल सभा के भवन को कैबिनेट में मंजूरी मिलने व भिलाडू स्टेडियम बनाये जाने की सैद्धांतिक सहमति मिलने पर मसूरी की ओर से मंत्री गणेश जोशी का विशेष आभार व्यक्त किया व कहा कि मंत्री गणेश जोशी लगातार मसूरी के विकास कार्यो में अग्रणी भूमिका निभा रहे है व अनेक योजनाओं को क्रियान्वित किया गया है। इस मौके पर भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, पूर्व महामंत्री व मनोनीत सभासद कुशाल राणा, अरविंद सेमवाल सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
