ओक ग्रोव स्कूल का 137वां वार्षिक खेलकूद समारोह संपन्न, शिवाजी हाउस बना सर्वश्रेष्ठ सदन
1 min read
मसूरी। ओक ग्रोव स्कूल का 137वां वार्षिक खेलकूद समारोह मेजर ग्रीश चंद्र वर्मा, वीर चक्र (मरणोपरांत), वैली ग्राउंड में उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी के निदेशक डॉ. बी. राजेंद्र ने ध्वजारोहण कर खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया तथा विद्यार्थियों के भव्य मार्चपास्ट की सलामी ली। समारोह में बालक विद्यालय के शिवाजी हाउस को सर्वश्रेष्ठ खेल सदन घोषित किया गया।
समारोह का प्रमुख आकर्षण ओक ग्रोव स्कूल के 1978 बैच के पूर्व छात्र कर्नल एएन राय के सम्मान में नवनिर्मित एएन रॉय डगआउट का उद्घाटन रहा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. बी. राजेंद्र ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षा और खेल दोनों की समान रूप से महत्वपूर्ण भूमिका है। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, शारीरिक क्षमता और प्रतिस्पर्धा की स्वस्थ भावना विकसित होती है। उन्होंने क्षेत्रीय स्तर पर शिक्षा एवं खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
समारोह का शुभारंभ विद्यालय के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों कुमार संगम, यशवर्धन सिंह चंपावत, अंजिक्य अभिषेक और प्रिया कुमारी द्वारा ओलंपिक मशाल दौड़ के साथ किया गया। विद्यालय के प्रतिष्ठित पूर्व विद्यार्थियों सुदीप बाजपेयी, अजितेश दास, कामिश्का मलिक और रोहित कुमार (1996 बैच) ने भी मशाल दौड़ में सहभागिता की। इसके बाद विद्यालय के तीनों विंग के विद्यार्थियों ने आकर्षक और अनुशासित मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। बालक विद्यालय के स्कूल कैप्टन प्रांजल सिंह और बालिका विद्यालय की स्कूल कैप्टन फिल्जा रजा ने अपने-अपने दलों का नेतृत्व किया। वहीं बालक विद्यालय के गेम्स कैप्टन विशाल प्रसाद और बालिका विद्यालय की गेम्स कैप्टन तनिषा ने विद्यालय ध्वज के साथ मार्चपास्ट में प्रतिभाग किया।
खेल प्रतियोगिताओं में विभिन्न आयु वर्गों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भाला फेंक के सीनियर वर्ग में नितेश असवाल और गौरिका ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि इंटरमीडिएट वर्ग में अंजिक्य अभिषेक प्रथम रहे। चक्का फेंक के जूनियर वर्ग में आदित्य सिंह, इंटरमीडिएट वर्ग में पिहू और सूर्य कमल तथा सीनियर वर्ग में नितेश असवाल ने स्वर्ण पदक जीते।
400, 800 और 1600 मीटर दौड़ प्रतियोगिताओं में कुमार संगम और शानू ने स्वर्ण पदक हासिल किए। वहीं 1600 मीटर दौड़ के विभिन्न आयु वर्गों में सब-जूनियर वर्ग से आदित्य राज, जूनियर वर्ग से उदिप्पन रॉय, इंटरमीडिएट वर्ग से सक्षम भारती और सीनियर वर्ग से कुमार संगम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। लंबी कूद में अन्वी और सूरज ने स्वर्ण पदक जीते, जबकि ऊंची कूद के सब-जूनियर वर्ग में दिव्य प्रकाश प्रथम रहे। गोला फेंक प्रतियोगिता में सूरज, आदित्य सिंह और नितेश ने अपने-अपने वर्गों में स्वर्ण पदक हासिल किए। सीनियर वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रतिष्ठित बेस्ट माइलर ट्राफी कुमार संगम को प्रदान की गई।
सामूहिक पुरस्कारों में बालक विद्यालय के शिवाजी हाउस को सर्वश्रेष्ठ खेल सदन घोषित किया गया, जबकि प्रतिष्ठित कॉक शील्ड टैगोर हाउस और सरोजिनी हाउस को प्रदान की गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेश कुमार ने मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और खेल एक-दूसरे के पूरक हैं तथा विद्यार्थियों के व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास में दोनों की अहम भूमिका है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष वार्षिक खेलकूद समारोह में लगभग 100 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का संचालन ज्योति, अन्वी जाखड़ और कुशाग्र चैहान ने किया। अंत में विपुल रावत ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर वाइनबर्ग एलन स्कूल की प्रधानाचार्य लेस्ली टिंडेल, डॉ. लीना रॉय, जयशीला, सविता, कुसुम कंबोज, धार्या नागपाल, सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल सन्नी बख्शी, अनुपम सिंह, आरएन यादव, डॉ. अतुल कुमार सक्सेना, जीडी रतूड़ी, शादाब आलम, प्रियंका रंजन, जगजीत सिंह, पूजा रावत, मनीषा शर्मा, आशुतोष कुमार, प्रणिल नंदेश्वर, प्रत्येश कुमार, संतोष कुमार, एके सेंगर, तिलक गुरंग, नरेंद्र सिंह बिष्ट, एसके रजा और रवि वर्मा सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
