नशामुक्त भारत अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेंगे चमोली के स्कूल

1 min read

चमोली। मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत ने राजकीय इंटर कॉलेज जाख का औचक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए मादक पदार्थों से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मुख्य शिक्षा अधिकारी ने विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे 100 सप्ताह के ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ संकल्प अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की लत से बचाना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। चमोली जिले में भी ‘नशामुक्त भारत’ के संकल्प को विद्यालयों में व्यापक जनजागरूकता अभियान के माध्यम से मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिले के विद्यालय नशामुक्ति अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेंगे। इसके तहत प्रत्येक बैगलेस डे पर नशामुक्ति से संबंधित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें कक्षा एक से 12वीं तक के विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे। सभी विद्यालय अपने स्तर पर आयोजित गतिविधियों का सामाजिक माध्यमों से भी व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे, ताकि नशामुक्ति का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
मुख्य शिक्षा अधिकारी ने बताया कि 29 अगस्त को बैगलेस डे पर विद्यालयों में नशे के खिलाफ पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। विद्यार्थी पोस्टरों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों और इससे बचने का संदेश देंगे। इस अवसर पर विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई जाएगी। निरीक्षण के दौरान सारस्वत ने विद्यालय के शिक्षकों से भी बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए शिक्षा विभाग प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि जिले में 30 मई तक सेवानिवृत्त हुए शिक्षकों एवं कर्मचारियों का एक भी पेंशन प्रकरण लंबित नहीं है।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.