जैकी कप फुटबाल टूर्नामेंट में नवचेतन, वाइनबर्ग एलन ए और मैनोराइट की शानदार जीत
1 min read
मसूरी। सेंटजार्ज कालेज खेल मैदान में आयोजित सेंट जॉर्ज कॉलेज हेरिटेज कप जैकी आमंत्रण फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 के 53वें संस्करण में नवचेतन स्पोर्ट्स क्लब ने ब्लू फुटबॉल क्लब को 7-0 से रौंदा। आज खेले गये पहले मुकाबले में नवचेतन स्पोर्ट्स क्लब ने शानदार एवं आक्रामक प्रदर्शन करते हुए ब्लू फुटबॉल क्लब को 7-0 से करारी शिकस्त दी। नवचेतन की ओर से सोहन ने 20वें मिनट में पहला गोल दागा। इसके बाद मानव ने 32वें और 37वें मिनट में दो गोल कर टीम की बढ़त को मजबूत किया। वहीं देवू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 42वें, 48वें, 64वें और 70वें मिनट में चार गोल दागे और नवचेतन स्पोर्ट्स क्लब को 7-0 की शानदार जीत दिलाई। वाइनबर्ग एलन ए टीम ने ओक ग्रोव को 5-0 से करारी मात दी। दूसरे मुकाबले में वाइनबर्ग एलन स्कूल ए टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए ओक ग्रोव स्कूल को 5-0 से पराजित किया। जॉर्डन ने 8वें मिनट में गोल कर वाइनबर्ग एलन स्कूल ए टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। इसके बाद 31वें मिनट में ओक ग्रोव स्कूल की ओर से आत्मघाती गोल होने के कारण वाइनबर्ग एलन की बढ़त 2-0 हो गई। नोरजोंडी ने 39वें और 46वें मिनट में लगातार दो गोल दागे, जबकि दोरजी ने 69वें मिनट में गोल कर टीम की जीत को 5-0 से पक्का कर दिया वहीं तीसरे मुकाबले में मैनोराइट ने युवा स्पोर्ट्स क्लब को 3-1 से हराया। युवा स्पोर्ट्स क्लब की ओर से आदित्य ने 19वें मिनट में गोल कर अपनी टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। हालांकि, मैनोराइट ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। जोतिश ने 24वें, 54वें और 69वें मिनट में तीन गोल दागकर शानदार हैट्रिक पूरी की और मैनोराइट को 3-1 की यादगार जीत दिलाई। सभी मुकाबलों का संचालन अनुभवी निर्णायकों के पैनल द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया, जिसमें पुष्कर सिंह गुसाईं, प्रदीप नेगी, प्रशांत रावत, मिलन एवं अनिश छेत्री शामिल रहे। निर्णायकों के निष्पक्ष, तटस्थ एवं पेशेवर निर्णयों ने सभी मुकाबलों के सुचारू एवं सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सेंट जॉर्जेज कॉलेज हेरिटेज कप (जैकी) आमंत्रण फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 का आयोजन ब्रदर जेयसीलन एस. (प्रधानाचार्य), ब्रदर ब्रिट्टो (सुपीरियर एवं खेल सचिव), ब्रदर सिल्वेनस केरकेट्टा (उप-प्रधानाचार्य), ब्रदर लॉरेंस कुजूर (सहायक खेल सचिव), ब्रदर निथिन मिटरली, आनंद थापा (खेल समन्वयक) एवं भवनेश नेगी (पीआरओ) के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में तथा सेंट जॉर्जेज कॉलेज, मसूरी के खेल विभाग के समर्पित सदस्यों के सहयोग से सफलतापूर्वक आयोजित किया जा रहा है।
