मंत्री जोशी टपकेश्वर मंदिर परिसर में विशेष सफाई अभियान में शामिल हुए
1 min read
मसूरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व में विश्वास, विकास एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के अंतर्गत प्रातः कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने टपकेश्वर मंदिर प्रांगण में विशेष सफाई अभियान में प्रतिभाग किया।
इस दौरान उन्होंने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के शहीद दुर्गामल्ल मंडल के पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर मंदिर परिसर एवं तमसा नदी में स्वच्छता कार्य किया और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितीन नवीन के आहवान पर सभी कार्यकर्ता स्वच्छता अभियान सहित अन्य पार्टी के कार्यक्रमों में बढ-चढ़कर प्रतिभाग कर रहे हैं। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि स्वच्छता केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा एक सतत सामाजिक संकल्प है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की आधारशिला है और प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाए। स्वच्छता अभियान के दौरान सरकार में दायित्वधारी ज्योति कोटिया, मण्डल प्रभारी समीर डोभाल, मण्डल महामंत्री मनोज क्षेत्री, अल्का कुल्हान, बूथ अध्यक्ष किशोर कुमार, सारिका खत्री, मण्डल युवा मार्चो अध्यक्ष मोहित खरोला सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे।
