वीआईपी बन हूटर बजाने वाले वाहन को पुलिस ने किया सीज

मसूरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून जनपद में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों एवं शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में कोतवाली मसूरी पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। जिसमें नशे की हालात में वीआईपी बन हूटर बजाने वाले वाहन को सीज कर दिया गया।
यातायात नियमों को उलंघन करने वालों के खिलाफ चलाये जा रहे चौकिंग अभियान के तहत पुलिस ने एक वाहन संख्या एचआर 05बीए 0022 बड़े मोड़ की ओर से हूटर बजाते हुए पिक्चर पैलेस की तरफ आता हुआ दिखाई दिया। संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस टीम ने उक्त वाहन को रोककर चालक से पूछताछ की। पूछताछ एवं व्यवहार के आधार पर चालक शराब के नशे में प्रतीत हुआ, जिस पर चालक का एल्कोमीटर से परीक्षण कराया गया। परीक्षण में चालक द्वारा शराब का सेवन किए जाने की पुष्टि हुई। उक्त वाहन चालक द्वारा अनाधिकृत रूप से हूटर का प्रयोग कर आमजन में वीआईपी होने का प्रभाव बनाने का प्रयास किया जा रहा था। पुलिस ने मौके पर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही करते हुए वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत सीज किया गया। मसूरी पुलिस ने आहवान किया कि पर्यटक व स्थानीय जन यातायात नियमों का पालन करें तथा शराब पीकर वाहन न चलाएं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.