नवनिर्वाचित छात्र परिषद को दिलाई गई शपथ
मसूरी। सीजेएम हैम्पटन कोर्ट स्कूल में नव निर्वाचित छात्र परिषद 2026 का गठन किया गया व पदाधिकारियों को शपथ दिलाकर अधिष्ठापित किया गया। इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी के वरिष्ठ उपनिदेशक राजेश मीणा ने छात्र परिषद के पदाधिकारियों को बैच लगाकर अधिष्ठापित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्या सिस्टर आइवी ने मुख्य अतिथि लबासना के उपनिदेशक राजेश मीणा का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत कर किया गया। व इसके पश्चात दीप प्रज्वलन एवं प्रार्थना सभा की गयी। नवनिर्वाचित छात्र परिषद ने आगे बढ़कर पदचिह्नों एवं हाउस ध्वजों को ग्रहण किया तथा निष्ठा एवं समर्पण के साथ विद्यालय की सेवा करने की शपथ ली। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि मीणा ने विद्यार्थियों को ईमानदारी, अनुशासन और प्रतिबद्धता के साथ नेतृत्व करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने एक आदर्श विद्यार्थी के गुणों पर प्रकाश डाला तथा जीवन में चुनौतियों और अवसरों का साहसपूर्वक सामना करने के महत्व पर जोर दिया। समारोह का मुख्य आकर्षण विद्यालय पत्रिका का विमोचन रहा, जिसमें विद्यार्थियों की रचनात्मकता और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन, विद्यालय गीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर समन्वयक रेखा एवं नंदिनी सहित विद्यालय के छात्र छात्राएं एवं अतिथि व अभिभावक मौजूद रहे।
