डी.एम. स्विंग मेमोरियल इंटर स्कूल हॉकी टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला ओक ग्रोव स्कूल ने जीता
1 min read
मसूरी। ओक ग्रोव स्कूल के मैदान में डी.एम. स्विंग मेमोरियल इंटर स्कूल हॉकी टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला राजकीय इंटर कॉलेज किशनपुर, देहरादून और ओक ग्रोव स्कूल के बीच खेला गया। मैच का उद्घाटन ओक ग्रोव स्कूल, झड़ीपानी, मसूरी के प्रधानाचार्य नरेश कुमार ने किया।
रोमांचक मुकाबले में ओक ग्रोव स्कूल ने पेनल्टी शूटआउट में 4-2 से जीत हासिल कर ट्रॉफी अपने नाम की। ओक ग्रोव स्कूल की ओर से विशाल प्रसाद, अमिताभ चौधरी, सूर्यकमल और शिवम कुमार ने एक-एक गोल दागा। जीआईसी की ओर से पंकज और अनमोल ने पेनाल्टी शूट में एक-एक गोल किया। टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार जीआईसी किशनपुर के एरिस को दिया गया, जबकि सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का खिताब ओक ग्रोव स्कूल के तनमय रॉय को मिला। वहीं, मोस्ट प्रॉमिसिंग प्लेयर का पुरस्कार ओक ग्रोव स्कूल, झड़ीपानी के अभयानंद पंडित को प्रदान किया गया। मुख्य अतिथि नरेश कुमार ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज भी बच्चों में हॉकी के प्रति वही जुनून है जो पहले हुआ करता था। उन्होंने बताया कि इस टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य हॉकी को बढ़ावा देना और खिलाड़ियों को एक मंच प्रदान करना है। उन्होंने विजेता टीम को बधाई भी दी। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन विपुल रावत द्वारा प्रस्तुत किया गया। टूर्नामेंट में रेलवे के राष्ट्रीय स्तर के अधिकारी विजय किशोर, गौरव भारद्वाज, गोपी शंकर, रजनीश पांडेय और विवेक धर उपस्थित रहे। इनमें से गौरव भारद्वाज उत्तरी रेलवे के अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी रह चुके हैं। इस मौके पर सविता, अनुपम सिंह, अतुल कुमार सक्सेना, आर.एन. यादव, जी.डी. रतूड़ी, शादाब आलम आशुतोष कुमार, अनिल सेंगर, प्रणिल नांदेश्वर, संतोष कुमार,, अभिषेक आदि मौजूद रहे।
