देश वैश्विक संकट से निपटने के लिए आपात भंडार तेल जारी करेंगे: अंतरराष्‍ट्रीय ऊर्जा एजेंसी

नई दिल्ली। अंतरराष्‍ट्रीय ऊर्जा एजेंसी ने कहा है कि उसके सदस्‍य देश वैश्विक संकट से निपटने के लिए अपने आपात भंडार से बड़ी मात्रा में तेल जारी करेंगे। एजेंसी ने एक वक्‍तव्‍य में कहा कि एशिया और ओशेनिया देश तत्‍काल तेल जारी करना शुरू करेंगे, जबकि यूरोप और अमरीका के आपात भंडार से आपूर्ति इस महीने के अंत तक शुरू होगी। एजेंसी ने कहा कि इस आपात उपाय से तेल की वैश्विक आपूर्ति बढ़ेगी।

अंतरराष्‍ट्रीय ऊर्जा एजेंसी ने चालीस करोड़ बैरल तेल जारी करने की घोषणा की है। यह मात्रा वर्ष 2022 में यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद एजेंसी द्वारा जारी की गयी मात्रा के दोगुने से भी ज्‍यादा है।

एजेंसी की ताजा रिपोर्ट में कहा गया है कि सदस्‍य देशों ने लगभग 41 करोड़ बीस लाख बैरल देने की प्रतिबद्धता व्‍यक्‍त की है। इसमें लगभग 72 प्रतिशत क्रूड ऑयल होगा और शेष परिशोधित उत्‍पाद होगा।

अमरीका के ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट ने कहा कि ईरान के साथ संघर्ष अगले कुछ सप्‍ताह में समाप्‍त हो जाने की आशा है। इसके बाद वैश्विक स्‍तर पर तेल की आपूर्ति बढ़ेगी और कीमतों में कमी आएगी।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.