उत्तराखंड में सर्द मौसम में निकाय चुनाव की गर्माहट बढ़ी

देहरादून। उत्तराखंड में सर्द मौसम में निकाय चुनाव की गर्माहट बढ़ गई है। भाजपा व कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। प्रत्याशी लोगों को रिझाने में जुट गए हैं। उम्मीदवार न बनाए जाने से नाराज इन दलों के कई नेता निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतर गए हैं, जबकि कई नाराज नेताओं को मनाने की कोशिशें जारी हैं। प्रदेश में नगर निगम की संख्या 11, नगरपालिका परिषद 43 व नगरपंचायतों की संख्या 46 है।राज्य में निकाय चुनाव के लिए 23 जनवरी को मतदान होगा। नामांकन पत्रों की जांच 31 दिसंबर और 1 जनवरी को होगी, नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 2 जनवरी रखी गई है। चुनाव चिह्न आवंटन 3 जनवरी को किया जाएगा। मतणना 25 जनवरी को होगी।
उत्तराखंड के 100 नगर निकायों में चुनाव होंगे। दरअसल, प्रदेश में 107 नगर निकाय हैं, लेकिन 7 नगर निकायों में चुनाव न कराने का फैसला लिया गया है। नगर पंचायत बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, पाटी गढ़ीनेगी के साथ ही नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर और किच्छा में चुनाव नहीं होगा। इस तरह प्रदेश के 11 नगर निगम, 43 नगर पालिका परिषद और 46 नगरपंचायत में चुनाव होंगे। राज्य में इस बार नगर निकाय चुनाव में सवा पांच लाख वोटर बढ़ गए हैं। वर्ष 2018 में हुए चुनावों में प्रदेश में मतदाताओं की संख्या 25,36,408 थी। इस बार के चुनाव में यह संख्या बढ़कर 30,63,143 पर पहुंच गई है। इसमें 14,82,809 महिला और 15,79,789 पुरुष मतदाता है। इनके अलावा 545 अन्य मतदाता भी शामिल हैं। 11 नगर निगम में 540 पार्षद के पद हैं। 46 नगर पंचायतों में 298 वार्ड सदस्य के पद हैं। इसी प्रकार 43 नगरपालिका क्षेत्र में 444 सभासदों का चुनाव होना है।
जिलेवार निकायों की संख्या व मतदाताओं की बात करें तो ऊधमसिंहनगर जिले में 18 निकाय हैं, जिनमें मतदाताओं की संख्या 613886 है। हरिद्वार जिले में 14 निकाय हैं, जिनमें मतदाताओं की संख्या 591328 है। टिहरी जिले में 11 निकाय हैं, जिनमें कि मतदाताओं की संख्या 82913 है। चमोली जिले में 10 निकाय हैं, जिनमें कि 53338 मतदाता हैं। देहरादून जिले में 7 निकाय हैं जिनमें कि 992329 मतदाता हैं। नैनीताल जिले में 7 निकाय हैं, जिनमें कि 340617 मतदाता हैं। पौड़ी जिले में 7 निकाय हैं, जिनमें कि 172890 मतदाता हैं। पिथौरागढ़ जिले में 6 निकाय हैं, जिनमें कि 60694 मतदाता हैं। रुदप्रयाग जिले में 5 निकाय हैं, जिनमें कि 18130 मतदाता हैं। उत्तरकाशी जिले में 5 निकाय हैं, जिनमें कि 46778 मतदाता हैं। अल्मोड़ा जिले में 5 निकाय हैं, जिनमें कि 36879 मतदाता हैं। चंपावत में 4 निकाय हैं, जिनमें कि 33230 मतदाता हैं। बागेश्वर जिले में 3 निकाय हैं, जिनमें कि मतदाताओं की संख्या 25287 है। निकाय चुनाव ने राज्य में सर्द मौसम में चुनावी गर्माहट बढ़ा दी है। उम्मीदवारों द्वारा लोगों को अपने पक्ष में करने को तमाम प्रयास किए जा रहे हैं। जनता को रिझाने के हर प्रयास हो रहे हैं, जहां देखो वहां निकाय चुनाव की चर्चा है।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.