दून में 10वीं विश्व आयुर्वेद कांग्रेस में जुटेंगे 54 देशों के डेलिगेट्स
1 min readदेहरादून। उत्तराखंड में पहली बार विश्व आयुर्वेद कांग्रेस का आयोजन होने जा रहा है। तय कार्यक्रम के अनुसार, राज्य में चार दिवसीय 10वीं विश्व आयुर्वेद कांग्रेस एंड आरोग्य एक्सपो का आयोजन 12 से 15 दिसंबर 2024 तक किया जाएगा। देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले सम्मलेन की तैयारियों में आयुष विभाग समेत तमाम विभाग जुटे हुए हैं। आयुर्वेद सम्मेलन में अब महज 10 से कम दिन का ही वक्त बचा है। ऐसे में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। विश्व आयुर्वेद कांग्रेस की खास बात ये होगी कि इसमें 54 देशों के करीब सात हजार से अधिक डेलिगेट्स शामिल हो सकते हैं। साथ ही सम्मेलन में तमाम विभागों की ओर से स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
दून परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले विश्व आयुर्वेद सम्मेलन में 54 देशों के प्रतिनिधि डेलिगेट्स के रूप में शामिल होंगे। जिसमें देशभर से आयुष व आयुर्वेद क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों, संस्थाओं, संगठनों, एनजीओं के साथ ही यूरोप, अफ्रीका, एशिया, लैटिन अमेरिका, नॉर्थ ईस्ट एशिया के तमाम देशों के डेलिगेट्स प्रतिभाग करेंगे। अभी तक करीब 6,500 से अधिक डेलिगेट्स इस सम्मेलन में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं। साथ ही आयुर्वेद सम्मेलन में एग्जीबिशन स्टॉल लगाए जाने के लिए 200 से अधिक संस्थाओं और उद्योग समूहों ने बुकिंग करवा ली है। ऐसे में इस चार दिवसीय सम्मेलन में करीब एक लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है।
आयुष अपर सचिव ने बताया कि सम्मेलन में होने वाले सभी सेशन की तैयारी पूरी हो चुकी है, जहां पर साइंटिफिक सेशन किए जाएंगे। करीब 9 हॉल तैयार किए जा रहे हैं। जहां पर साइंटिफिक सेशन आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही एक बड़ा पवेलियन भी तैयार किया जा रहा है, जहां पर तमाम विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर संबंधित विभागों की जानकारियां लोगों को दी जाएंगी। इसके अलावा इस सम्मेलन में जो भी उद्यमी आएंगे, उनकी शासन से बात करने के लिए बायर-सेलर मीट का भी आयोजन किया जाएगा। हालांकि, 10वीं विश्व आयुर्वेद कांग्रेस एंड आरोग्य एक्सपो की थीम ‘डिजिटल हेल्थ एन आयुर्वेद पर्सपेक्टिव’ रखा गया है।