श्रृंग ऋषि आश्रम का होगा जीर्णोद्धारः डॉ धन सिंह रावत

देहरादून। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत थलीसैण विकासखंड में स्थित श्रृंग ऋषि आश्रम का जीर्णोद्धार किया जायेगा। इसके अलावा पैठाणी क्षेत्र में स्थित ताराकुंड की प्राकृतिक झील का सौन्द्रीयकरण कर दोनों पौराणिक विरासतों को पर्यटन एवं तीर्थाटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जायेगा। इसके लिये वन एवं पर्यटन विभाग संयुक्त रूप से कार्ययोजना तैयार करेगा, जिसके निर्देश संबंधित अधिकारियों को दे दिये गये हैं।
सूबे के कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर में पर्यटन स्थलों के विकास व ऐतिहासिक स्थलों के जीर्णोद्धार को लेकर  वन एवं पर्यटन विभाग तथा गढवाल मंडल विकास निगम की संयुक्त बैठक ली। जिसमें उन्होंने विभागीय अधिकारियों को विधानसभा क्षेत्र के थलीसैण विकासखंड स्थित श्रृंग ऋषि आश्रम के जीर्णोद्धार को अधिकारियों को निर्देश दिये। डॉ. रावत ने कहा कि श्रृंग ऋषि आश्रम का धार्मिक एवं पौराणिक दृष्टि से विशेष महत्व है। इसे भव्य धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके अंतर्गत मंदिर परिसर में धर्मशाला का निर्माण, श्रृंग ऋषि की विशाल प्रतिमा की स्थापना तथा आश्रम तक पहुंचने वाले लगभग 12 किलोमीटर लंबे दुर्गम पैदल मार्ग का सुधारीकरण किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
बैठक में डॉ. रावत ने पैठाणी स्थित ताराकुंड के विकास पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि ताराकुंड की प्राकृतिक झील को संरक्षित करने के साथ ही मां तारा मंदिर का सौन्द्रीयकरण किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राकृतिक पर्यावरण एवं धार्मिक आस्था के संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार की जाए। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि श्रृंग ऋषि आश्रम और ताराकुंड जैसे स्थल हमारी समृद्ध पौराणिक एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं। इनका संरक्षण केवल धार्मिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि दोनों स्थल वन क्षेत्र में स्थित हैं, इसलिए वन एवं पर्यटन विभाग आपसी समन्वय से इनके विकास की व्यवहारिक एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार करेंगे। इसके अतिरिक्त डॉ. रावत ने क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों राहु मंदिर, बिनसर महादेव, कमलेश्वर मंदिर तथा देवलगढ़ को एक सुव्यवस्थित पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र की धार्मिक, प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत को पर्यटन मानचित्र पर विशिष्ट पहचान दिलाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। डॉ. धीरज पाण्डेय सहित पर्यटन विभाग एवं गढ़वाल मंडल विकास निगम के अधिकारी उपस्थित रहे जबकि मुख्य विकास अधिकारी पौड़ी अशोक जोशी एवं डीएफओ पौड़ी महातिम यादव ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में प्रतिभाग किया।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.