डॉ. हरिमोहन गोयल के निधन से मसूरी में शोक की लहर
मसूरी। मसूरी निवासी एवं उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी डॉ. हरिमोहन गोयल के आकस्मिक निधन से शहर में शोक की लहर दौड़ गई। उन्होंने लंबे समय तक मसूरी में चिकित्सा सेवाएं देने के साथ ही सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई।
डॉ. गोयल राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे और राम जन्मभूमि आंदोलन के साथ ही उत्तराखंड राज्य आंदोलन में भी सक्रिय भूमिका निभाई। आंदोलनों के दौरान उन्हें जेल भी जाना पड़ा। वर्तमान में वह देहरादून में निवास कर रहे थे। उनके निधन का समाचार मिलते ही मसूरी के सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों में शोक व्याप्त हो गया।
डॉ. गोयल चिकित्सा और सामाजिक सेवा के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में भी सक्रिय रहे। उन्होंने निष्पक्ष पत्रकारिता और राष्ट्रसेवा के उद्देश्य से एक समाचार पोर्टल का संचालन भी किया, जिसे वह अंतिम समय तक जारी रखे हुए थे। उनके निधन पर विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक संगठनों और गणमान्य लोगों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। लोगों ने कहा कि डॉ. गोयल का सामाजिक योगदान और उत्तराखंड राज्य आंदोलन में उनकी भूमिका सदैव याद रखी जाएगी।
