मसूरी पब्लिक स्कूल में कचरा प्रबंधन और कंपोस्टिंग पर गोष्ठी

1 min read

मसूरी। भारतीय जनता पार्टी मसूरी मंडल की ओर से सेवा ही संगठन अभियान के अंतर्गत मसूरी पब्लिक स्कूल में कचरा प्रबंधन और जैविक खाद निर्माण विषय पर गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा। गोष्ठी में नगर पालिका की ओर से चिन्हित वक्ता निशा कुमारी और लॉर्ड शिव की टीम के सदस्यों ने दैनिक जीवन में उत्पन्न होने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कचरे के उचित निस्तारण और जैविक अपशिष्ट से खाद तैयार करने की तकनीकों की जानकारी भी दी।
वक्ताओं ने कहा कि कचरे का सही प्रबंधन पर्यावरण को स्वच्छ रखने के साथ-साथ प्रदूषण कम करने में भी सहायक है। यदि घरों और संस्थानों में कचरे को स्रोत पर ही अलग किया जाए, तो उसके निस्तारण की प्रक्रिया आसान हो सकती है। विद्यार्थियों और कार्यकर्ताओं ने मसूरी को स्वच्छ तथा प्लास्टिक मुक्त बनाने में योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल महामंत्री नरेंद्र मेलवान, सभासद विजय रमोला, सचिन पंवार, कुलदीप जदवान, मसूरी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य विशाल सिंह सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और पर्यावरण विशेषज्ञ मौजूद रहे। वक्ताओं ने युवाओं से पर्यावरण प्रहरी बनकर स्वच्छता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.