जिला योजना समिति चुनाव में पवन थलवाल की जीत, गीता कुमाईं को एक मत से हराया
मसूरी। जिला योजना समिति के सदस्य पद के लिए नगर पालिका परिषद मसूरी के सभासदों के बीच हुए चुनाव में पवन थलवाल ने एक मत से जीत दर्ज की। कचहरी परिसर में संपन्न मतदान में पवन थलवाल को सात मत मिले, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी गीता कुमाई को छह मत प्राप्त हुए।
जीत के बाद पवन थलवाल ने नगर पालिका के सभी सभासदों का आभार जताया और अपनी प्रतिद्वंद्वी गीता कुमाई के प्रति भी सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभासदों ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसे कायम रखने का हरसंभव प्रयास करेंगे। जिला योजना के माध्यम से मसूरी के हित में उपयोगी योजनाओं को धरातल पर उतारना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि मसूरी एक प्रमुख पर्यटन स्थल है और यहां की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास योजनाएं तैयार कराने का प्रयास किया जाएगा। शहर में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाएं लाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद सभी सभासद एक परिवार की तरह हैं। नगर पालिका के सभी 13 सभासदों के बीच आपसी समन्वय बनाए रखते हुए शहर के विकास के लिए काम किया जाएगा। पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी के नेतृत्व में सभी को साथ लेकर आगे बढ़ने का प्रयास रहेगा।
उपजिलाधिकारी राहुल आनंद ने बताया कि जिला योजना समिति के सदस्य पद के लिए तीन नामांकन हुए थे, जिनमें से एक प्रत्याशी ने नाम वापस ले लिया। इसके बाद पवन थलवाल और गीता कुमाई के बीच मतदान हुआ। चुनाव में पवन थलवाल ने सात मत प्राप्त कर जीत हासिल की, जबकि गीता कुमाई को छह मत मिले।
