मसूरी में पार्किंग संकट का समाधान हो, लंबित मामलों के लिए एकमुश्त समाधान योजना की मांग

मसूरी। मसूरी होटल एसोसिएशन ने नगर में बढ़ती पार्किंग समस्या और लंबे समय से लंबित विभिन्न प्रकरणों के समाधान की मांग को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को एसडीएम के माध्यम से ज्ञापन भेजा। एसोसिएशन ने मसूरी में अतिरिक्त एवं आधुनिक पार्किंग सुविधाएं विकसित करने के साथ ही लंबित मामलों के लिए एकमुश्त समाधान योजना लागू करने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि मसूरी उत्तराखंड का प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां वर्षभर पर्यटकों की आवाजाही रहती है। सप्ताहांत में पर्यटकों की संख्या बढ़ने से शहर की यातायात व्यवस्था पर अत्यधिक दबाव पड़ता है। पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनती है, जिससे स्थानीय निवासियों के साथ पर्यटकों और व्यापारियों को भी परेशानी उठानी पड़ती है।
एसोसिएशन ने सरकारी एवं गैर सरकारी भूमि पर पार्किंग विकसित करने तथा बहुमंजिला आधुनिक पार्किंग का निर्माण कराने की मांग की। इसके साथ ही नगर में लंबे समय से लंबित विभिन्न प्रकरणों और समस्याओं के समाधान के लिए सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध एकमुश्त समाधान योजना लागू करने की मांग भी उठाई। ज्ञापन देने वालों में होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, सचिव अजय भार्गव, उत्तराखंड होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप साहनी, दीपक अग्रवाल, राजकुमार, शैलेंद्र कर्णवाल आदि शामिल रहे।
एसोसिएशन की ओर से प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी को भी पार्किंग निर्माण एवं लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर अलग ज्ञापन सौंपा गया।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.