सीजेएम हैम्पटन कोर्ट में गूंजा जंगल बुक का रोमांच, विद्यार्थियों ने मोहा दर्शकों का मन
1 min read
मसूरी। कॉन्वेंट ऑफ जीसस एंड मैरी (सीजेएम), हैम्पटन कोर्ट में आयोजित सांस्कृतिक संध्या के प्रथम दिवस पर विद्यार्थियों ने रचनात्मकता, कल्पना और नाट्य प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में ‘द जंगल बुक एन अडैप्टेशन’ की प्रभावशाली प्रस्तुति ने दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। कार्यक्रम में सेंट जॉर्ज कॉलेज के प्रधानाचार्य ब्रदर जेयासीलन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद प्रार्थना और प्रार्थना नृत्य ने वातावरण को आध्यात्मिक एवं मंगलमय बना दिया। एलकेजी और यूकेजी के नन्हे विद्यार्थियों ने मनमोहक स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर समारोह में उल्लास और रंग भर दिया।
विद्यालय की 104 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर आधारित प्रस्तुति के माध्यम से संस्था की समृद्ध विरासत, परंपराओं और जीवन-मूल्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। इसके बाद सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण ‘द जंगल बुक’ का नाट्य रूपांतरण रहा।
विद्यार्थियों ने मोगली और उसके साथियों के रोमांचक सफर को अभिनय, संगीत, नृत्य और आकर्षक वेशभूषा के माध्यम से जीवंत कर दिया। प्रस्तुति में मित्रता, साहस, निष्ठा, करुणा और प्रकृति के साथ सामंजस्य जैसे महत्वपूर्ण संदेशों को प्रभावी ढंग से सामने रखा गया। मंच पर विद्यार्थियों का आत्मविश्वास और अभिनय दर्शकों को खूब पसंद आया। प्रस्तुति में विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालय समुदाय के सामूहिक समर्पण एवं अथक प्रयासों की झलक दिखाई दी। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। मनमोहक नाट्य प्रस्तुति ने दर्शकों के बीच गहरी छाप छोड़ी। इस अवसर पर सीजेएम हैम्पटन कोर्ट की सुपीरियर एवं प्रधानाचार्या सिस्टर आइवी, सिस्टर्स एवं ब्रदर्स, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, विशिष्ट अतिथि, अभिभावक, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
