वीकेंड पर मसूरी में उमड़ा पर्यटकों का सैलाब, कारोबारियों के खिले चेहरे
1 min read
मसूरी। तीन दिन के अवकाश और अनुकूल मौसम का असर पहाड़ों की रानी मसूरी में साफ दिखाई दिया। वीकेंड पर बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से पर्यटन नगरी की रौनक लौट आई और होटल, रेस्टोरेंट, टैक्सी, स्कूटी व रिक्शा समेत पर्यटन से जुड़े कारोबारियों के चेहरे खिल उठे। कारोबारियों का कहना है कि इस बार वीकेंड पर जितनी भीड़ उमड़ी, उतनी सीजन के कई वीकेंड में भी देखने को नहीं मिली। पिछले दिनों लगातार बारिश के कारण पर्यटन कारोबार प्रभावित हुआ था। मौसम खुलते ही पर्यटकों ने मसूरी का रुख किया और तीन दिन की छुट्टी का भरपूर आनंद उठाया। खास बात यह रही कि अक्टूबर में नवरात्र और दशहरे के दौरान पर्यटकों की भीड़ बढ़ने की उम्मीद कर रहे कारोबारियों को उससे पहले ही अच्छा कारोबार मिल गया।
होटल एसोसिएशन के सचिव अजय भार्गव ने बताया कि वीकेंड के साथ गांधी जयंती का अवकाश होने के कारण बड़ी संख्या में पर्यटक मसूरी पहुंचे। होटलों में ऑक्यूपेंसी 95 प्रतिशत से अधिक रही। उन्होंने कहा कि पर्यटकों ने मसूरी के खुशनुमा मौसम और प्राकृतिक सौंदर्य का जमकर आनंद लिया। हालांकि, उन्होंने यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन की तैयारी को अपेक्षाकृत कमजोर बताया। उनका कहना था कि यातायात प्रबंधन बेहतर होता तो पर्यटकों को जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती थी।
मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के महामंत्री जगजीत कुकरेजा ने कहा कि यह वीकेंड मसूरी के कारोबारियों के लिए राहत और खुशी लेकर आया। होटल, रेस्टोरेंट, टैक्सी, स्कूटी, रिक्शा समेत पर्यटन से जुड़े सभी कारोबार में अच्छी गतिविधि रही। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान कारोबार में आई कमी की कुछ भरपाई इस वीकेंड में हो गई। उन्होंने भी यातायात व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि चैक-चैराहों पर पुलिस की पर्याप्त मौजूदगी नहीं होने के कारण कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही। यदि यातायात व्यवस्था को और बेहतर किया जाता तो पर्यटकों को अधिक सुविधा मिलती। पर्यटकों की अचानक बढ़ी आमद का असर मसूरी के आसपास के पर्यटन स्थलों पर भी दिखाई दिया। मालरोड पर दिनभर बड़ी संख्या में पर्यटक चहलकदमी करते नजर आए। मालरोड के किनारे लगी बेंचों पर बैठकर पर्यटक सुहावने मौसम, पहाड़ों की खूबसूरती और दून घाटी के विहंगम दृश्यों का आनंद लेते रहे। लंबे समय बाद पर्यटन नगरी में लौटी इस चहल-पहल ने कारोबारियों को आने वाले त्योहारी सीजन को लेकर भी उत्साहित कर दिया है।
