मंत्री रेखा आर्या ने किया भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण

1 min read

अल्मोड़ा। उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री और क्षेत्रीय विधायक रेखा आर्या सोमेश्वर के स्याहीदेवी मंडल स्थित वड्यूडा गाँव पहुंची। यहाँ उन्होंने बीते रोज अतिवृष्टि और भीषण भूस्खलन होने पर प्रभावित परिवारजनों से मुलाकात कर उनके प्रति अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की और उन्हें सांत्वना दी। इस दुःख की घड़ी में उन्होंने शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय वज्रपात को सहने का धैर्य एवं आत्मबल प्रदान करने की प्रार्थना की। इसके पश्चात कैबिनेट मंत्री ने भूस्खलन से प्रभावित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया, साथ ही  आसपास के प्रभावित परिवारों को तुरंत राहत सामग्री भी वितरित की। उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को पीड़ित परिवार तक त्वरित एवं हर संभव शासकीय सहायता बिना किसी विलंब के पहुँचाने के स्पष्ट निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री और क्षेत्रीय विधायक ने कहा की संकट की इस भीषण घड़ी में राज्य सरकार और वह स्वयं पूरी आत्मीयता और मजबूती से पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं।राज्य सरकार प्राकृतिक आपदाओं से  होने वाले जान -माल के नुकसान के प्रति गंभीर हैं और सभी अधिकारियो को यह स्पष्ट निर्देश भी दिए गए हैं ऐसे प्रभावित लोगों को जो हर संभव सहायता प्रदान की जानी हैं उसे अविलम्ब देना सुनिश्चित करें। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष अल्मोड़ा महेश नयाल, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, मंडल अध्यक्ष स्याहीदेवी गणेश जलाल, प्रधान प्रतिनिधि वडयूड़ा भास्कर राम, बूथ अध्यक्ष सूरज कुमार आदि उपस्थित रहे।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.