पर्यटकों के उमड़ने से मसूरी में रौनक बढ़ी
1 min read
मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में बड़ी संख्या में पर्यटकों की आमद होने से रौनक आ गयी है। देश के विभिन्न क्षेत्रों से तपती गर्मी से आये पर्यटक यहां की मंद मंद ठंडी हवाओं व मौसम का आनंद ले रहे है। इस बार बीच बीच में लगातार बारिश होने से मौसम खुशगवार हो रखा है जिसका पूरा आनंद पर्यटक ले रहे हैं। शाम होते ही मालरोड की चकाचैध देखते ही बनती है, पर्यटक मालरोड पर टहलते समय बैंचों पर बैठ कर दून के विहंगम दृश्य का आनंद ले रहे है। वहीं व्यू प्वाइंटों पर खासी भीड़ लगी रहती है व जमकर सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं। रेस्टोंरेंट पर्यटकों से भरे है वहीं हर दुकान पर पर्यटक शॉपिंग करते नजर आते है जिससे व्यवसायियों के चेहरे खिलें हैं, रोपवे पर लंबी लाइन लगी रहती है, पर्यटन से जुडे हर व्यवसायी का कारोबार खूब चल रहा है। मसूरी के आस पास के पर्यटक स्थलों पर भीड़ है कोई झरने का आंनद ले रहा है तो कोई एडवेंचर गेम खेल रहे है, कोई झील में वोटिग कर रहे है तो कोई अटल उद्यान का आनंद ले रहे हैं। हालांकि जाम लगने के कारण स्थानीय और पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भोपाल से आई पर्यटक कृष्णा स्वामी ने बताया कि उनके शहर में बहुत गर्मी है और यहां का मौसम व ठंडी हवा उन्हें भा गयी है। दिल्ली से आए पर्यटक संजीव कुमार ने बताया कि अन्य शहरों के मुकाबले मसूरी में भी ट्रैफिक की समस्या कम नहीं है यहां पर इको टैक्स के पास लंबा जाम लग जाता है सरकार को इस विषय में ध्यान देना चाहिए हालांकि यहां पर मौसम बहुत बढ़िया है और ठंडी हवाएं चल रही हैं उन्होंने कहा कि यदि उन्हें मौका मिला तो वह बार-बार मसूरी आना पसंद करेंगे। स्थानीय निवासी व व्यापार संघ के महामंमत्री जगजीत कुकरेजा ने बताया कि दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस वे बनने के बाद काफी अधिक संख्या में पर्यटक मसूरी पहुंच रहे हैं उन्होंने बताया कि शासन प्रशासन की तैयारी पूरी है लेकिन अत्यधिक संख्या में पर्यटक आने के कारण व्यवस्थाएं बनाने में खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। इस समय पर्यटन सीजन अपने चरम पर है लोगों के व्यवसाय में भी काफी वृद्धि हो रही है। सोनीपत हरियाणा से आई पर्यटक विधि ने बताया कि यहां पर अत्यधिक भीड़ है और सरकार को नियोजित तरीके से पर्यटकों को मसूरी भेजना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनका परिवार तीन घंटे जाम में फंसा रहा है और वह दोबारा कभी मसूरी नहीं आएगी लेकिन मसूरी के मौसम के बारे में उन्होंने बताया कि यहां का मौसम ही है जिसके कारण वह मसूरी में आयी है। होटल एसोसिएशन में सचिव अजय भार्गव ने बताया कि इन दिनों मसूरी पूरी तरह पैक है व लगभग सभी होटल पर्यटकों से भरें है।
