सड़कों पर निर्माण सामग्री डाले जाने से लोग हो रहे चोटिल
1 min read
मसूरी। पर्यटन शहर के विभिन्न संपर्क मार्गों और मुख्य मार्ग पर निर्माण सामग्री डाले जाने के कारण हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। विगत रात्रि एक दंपत्ति स्कूटी से बर्लोगंज की ओर जाते समय सड़कं पर फैली निर्माण सामग्री की वजह से चोटिल हो गए व घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी। जिसने विभागों की पोल खोल दी है।
इन दिनों मसूरी में पर्यटन सीजन चरम पर है लेकिन उसके बावजूद भी ना तो नगर पालिका और ना ही लोक निर्माण विभाग के साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी इस ओर ध्यान दे रहे हैं जगह-जगह निर्माण सामग्री के ढेर लगे हुए हैं, स्कूटी मोटरसाइकिल वाले लगातार बजरी में फिसलने से घायल हो रहे हैं और इसकी वजह से जाम भी लग रहा है। पूर्व में मसूरी विधायक और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की बैठक में यह मुद्दा उठाया गया था जिसके बाद कैबिनेट मंत्री ने सभी विभागों को सड़कों पर रखे निर्माण सामग्री को हटाने के निर्देश भी दिए थे, लेकिन लगभग 15 दिन की बीत जाने के बाद भी संबंधित विभागों द्वारा इस पर कोई कार्यवाही नहीं की गई। जब इस संबंध में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन से वार्ता की गई तो उन्होंने बताया कि किंक्रेग स्थिति कई स्थानों पर रखी गई निर्माण कार्य सामग्री को हटाया गया है और संबंधित व्यक्तियों को चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही अन्य स्थानों पर रखी गई निर्माण सामग्री को हटाने के लिए नगर पालिका द्वारा जेसीबी मशीन और कर्मचारियों की व्यवस्था की गई है। ताकि शहर की सड़कों के किनारे रखी गई निर्माण सामग्री को जब्त करने का काम किया जायेगा।
