युद्ध के चलते व्यावसायिक गैस आपूर्ति बाधित, लेकिन घरेलू गैस की आपूर्ति सामान्य
मसूरी। ईरान, अमेरिका व इजराइल में चल रहे युद्ध का प्रभाव अब देश पर भी पड़ रहा है और इसके तहत अब पहाड़ों की रानी मसूरी भी इससे अछूती नहीं रही। व्यावसायिक सिलेंडरों की लगातार हो रही कमी के कारण होटल व्यवसाय, रेस्टोरेंट व्यवसाय खासा प्रभावित हो गया है।
पर्यटन नगरी मसूरी में तीन सौ से अधिक होटल व ढाई सौ के करीब होम स्टे पंजीकृत है, लेकिन युद्ध के कारण व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बाधित होने से व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। इस संबंध में होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि पर्यटन नगरी में व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बाधित होने से अधिकतर होटलों के किचन बंद होने के कगार पर है व कई होटलों में किचन बंद कर दिए गये हैं, वहीं होटलों की बुकिंगें भी कैंसिल हो रही है, व इससे आने वाला सीजन प्रभावित होगा। वहीं रेस्टोरेंटों में भी यही हाल है, रेस्टोरेंट व्यवसायी नीरज अग्रवाल ने बताया कि गत पांच दिनों से व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति नहीं होने से रेस्टोंरेंट चलाने के लिए तीन चार दिन का ईंधन ही बचा है, अगर यही स्थिति रही तो रेस्टोरेंट बंद होने के कगार पर आ गये हैं। होम स्टे एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेंद्र रावत ने कहा कि मसूरी में करीब ढाई सौ होम स्टे हैं, लेकिन व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बंद होने से होम स्टे बंद होने के कगार पर आ गये हैं। अगर ऐसी स्थिति रही तो आने वाले एक दो दिन में किचन बंद करने पडे़गे। घरेलू गैस उपभोक्ता सतीश ने बताया कि उन्होंने गैस बुक करायी थी लेकिन चार दिन होने के बाद भी डीएसी ओटीपी नहीं आया। वहीं भारत गैस के काउंटर पर सुबह से ही लंबी लाइन लगी है व लोग गैस बुक कराने के लिए लंबा इंतजार कर रहे है। लाइन में लगे विकास थापली व सुमन ने बताया कि वह सुबह से गैस की लाइन में लगे है। इस संबंध ्में इंडेन गैस गोदाम के प्रबंधक नरेंद्र गुसांई ने कहा कि घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है लेकिन लोगों के पेनिक होने पर समस्या बढ गयी है, लोग एक माह में दो से तीन बार बुकिंग कर रहे है जिस कारण डीएसी नंबर ओटीपी नहीं आ पा रहा है जिससे लोग परेशान हो रहे हैं जबकि समय से महीने में एक बार गैस बुकिंग होने पर डीएसी नंबर आ रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि फिलहाल व्यावसायिक गैस की अभी आपूर्ति नहीं आ रही है, लेकिन शीघ्र आर्पूर्त की जायेगी। उन्होंने यह भी बताया कि मसूरी में करीब नौ हजार घरेलू गैस कनेक्शन है जबकि दो सौ के करीब व्यावसायिक गैस कनेक्शन है। लगातार बुकिंगे होने से बैकलॉग होने से लोग परेशान है व उनके पास गैस बुकिग करने पर ओटीपी नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है। वहीं पेट्रोल पंप पर भी लंबी लाइने लगी है वहीं पेट्रोल पंप स्वामी नीरज अग्रवाल ने बताया कि पेट्रोल डीजल की कोई कमी नहीं है, कपंनी ने भी पूरा भरोसा दिया है लेकिन लोग पैनिक हो रखे है व जो एक हजार का तेल भराता था वह टंकी फुल करवाने को कह रहा है। जबकि लोगों को अपने उपयोग के अनुसार ही तेल भरवाना चाहिए।
