सोनप्रयाग में भूस्खलन के मलबे में दबने से 5 तीर्थयात्री की मौत, 3 घायल

1 min read

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ राजमार्ग के सोनप्रयाग से लगभग एक किमी दूर गौरीकुंड की तरफ भूस्खलन हो गया था। गौरीकुंड से सोनप्रयाग की ओर आ रहे अनेक यात्री मलबे के नीचे दब गए। लैंडस्लाइड और इसके नीचे अनेक यात्रियों के दबने की खबर से हड़कंप मच गया।
सूचना मिलने पर पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं। टीमों ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया। रेस्क्यू के दौरान सोमवार देर रात्रि को इस स्थान से 3 व्यक्ति घायल अवस्था में निकाले गये थे। एक व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला था। इस व्यक्ति को डॉक्टरों ने मृत घोषित किया।
यहां पर रात के समय खराब मौसम और लगातार मलबा-पत्थर गिरने के कारण रेस्क्यू टीमों को राहत और बचाव कार्य करने में दिक्कतें आयी। खतरे को देखते हुए रेस्क्यू कार्य रोकना पड़ा था। दरअसल जनपद पुलिस के स्तर से यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत इस मार्ग पर सुरक्षा के दृष्टिगत शाम 06ः30 बजे के बाद आवाजाही बिल्कुल बन्द कर दी गयी थी। जो लोग इस समयावधि से पहले गौरीकुंड से सोनप्रयाग की ओर चले गये थे, उन लोगों के साथ यह हादसा हुआ।
मंगलवार सुबह मौसम अनुकूल होने और यहां पर मलबा-पत्थर गिरना बन्द होने पर रेस्क्यू टीमों ने रेस्क्यू कार्य प्रारम्भ किया। रेस्क्यू टीमों को इस स्थल पर 3 व्यक्ति (2 महिला व 1 पुरुष) अचेत अवस्था में मिले। जिनको डॉक्टरों ने मृत घोषित किया गया है। लगातार चले रेस्क्यू अभियान के दौरान कुछ देर बाद रेस्क्यू टीमों को एक और महिला अचेत अवस्था में मिली, जिनको डॉक्टरों ने मृत घोषित किया गया है। इस तरह गौरीकुंड लैंडस्लाइड हादसे में मृतकों की संख्या 5 हो गयी है। मलबे की चपेट में आने से 3 लोग घायल भी हैं।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.