मसूरी से शुरू हुई ज्ञान और आध्यात्म की मुक्ति यात्रा, 80 शिष्यों के साथ पहुंचे मास्टर जी

1 min read

मसूरी। प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु राजेश कुमार मास्टर जी ने कहा कि प्रत्येक मनुष्य के भीतर जागृति और आत्मबोध की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। मुक्ति की वास्तविक यात्रा अपने स्वरूप को पहचानने, जीवन के उद्देश्य को समझने और आत्मज्ञान की ओर आगे बढ़ने का नाम है। इसी उद्देश्य से 19 वर्ष बाद मास्टर जी अपने देश-विदेश के करीब 80 शिष्यों के साथ मसूरी पहुंचे हैं। यहां 15 से 24 नवंबर तक नौ दिवसीय आध्यात्मिक मुक्ति यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।
मसूरी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मास्टर जी ने बताया कि नवंबर 2007 उनके जीवन का निर्णायक समय था, जब मसूरी और हरिद्वार में उन्हें गहन आध्यात्मिक जागृति की अनुभूति हुई थी। अब वह उसी अनुभव का सार अपने शिष्यों के साथ साझा कर रहे हैं। इस यात्रा का उद्देश्य शिष्यों की आध्यात्मिक चेतना को और अधिक गहरा करना तथा उनके भीतर आत्मज्ञान, शांति और आनंद की अनुभूति विकसित करना है।
उन्होंने कहा कि नौ दिनों तक बनने वाला आध्यात्मिक वातावरण केवल मसूरी और हरिद्वार तक सीमित न रहे, बल्कि पूरे देश और विश्व के लोगों को भी प्रेरित करे। पिछले 19 वर्षों में उन्होंने बिना किसी सामाजिक माध्यम का सहारा लिए निःस्वार्थ भाव से लाखों लोगों के साथ व्यक्तिगत संवाद के माध्यम से अपने अनुभव साझा किए हैं। इस दौरान उन्होंने पाया कि दस वर्ष के बच्चों से लेकर 80 वर्ष की आयु तक के बुजुर्ग भी जीवन को प्रसन्नता और उत्साह के साथ जी सकते हैं।
मास्टर जी ने बताया कि दिसंबर 2023 में उन्होंने अपने ज्ञान को सार्वजनिक मंचों और सामाजिक माध्यमों के जरिए अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की शुरुआत की। इसी क्रम में मास्टर जी मिशन 800 करोड़ की शुरुआत की गई, जिसका उद्देश्य दुनिया के अंतिम व्यक्ति तक ज्ञान और सकारात्मकता का संदेश पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक मंचों से जुड़ने के बाद अब तक उनके समुदाय की ओर से लगभग 1200 कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। इनमें दिल्ली, सशस्त्र बलों, पुलिस मुख्यालय, ओएनजीसी, भारतीय सनदी लेखाकार संस्थान और तिहाड़ जेल सहित अनेक प्रतिष्ठित संस्थानों में हुए संवाद और कार्यक्रम शामिल हैं। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव और वैश्विक आध्यात्मिकता महोत्सव जैसे आयोजनों में भी उन्होंने भागीदारी की है।
मास्टर जी की शिक्षाएं उनके यूट्यूब चैनल मास्टर जी और गॉड होम जर्नी पर निःशुल्क उपलब्ध हैं। उनका संदेश है कि खुशी कोई ऐसी वस्तु नहीं है, जिसे बाहर तलाशना पड़े। वास्तविक खुशी और शांति मनुष्य के भीतर ही मौजूद है। जरूरत केवल स्वयं को पहचानने और आत्मबोध की दिशा में आगे बढ़ने की है।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.