गोवर्धन पूजा पर मंदिरों में उमड़ी श्रद्धा, अन्नकूट भंडारे में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
1 min read
मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में गोवर्धन एवं अन्नकूट पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों और धार्मिक मान्यताओं के साथ श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर नगर के विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की गई। पूजा के बाद श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
पर्व के उपलक्ष्य में सनातन धर्म मंदिर, राधाकृष्ण मंदिर और लक्ष्मीनारायण मंदिर में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंदिरों में भगवान के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। अन्नकूट के अवसर पर विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का भोग भगवान को अर्पित किया गया और इसके बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। राधाकृष्ण मंदिर समिति के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने बताया कि दीपावली के बाद मनाए जाने वाले गोवर्धन एवं अन्नकूट पर्व का विशेष धार्मिक महत्व है। अन्नकूट प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व है। इस दिन विभिन्न प्रकार के अन्न, व्यंजन और मिठाइयां तैयार कर भगवान को भोग लगाया जाता है। यह विविधता, समृद्धि और प्रचुरता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि गोवर्धन पर्व पर श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए उनकी कृपा और आशीर्वाद की कामना करते हैं। इस अवसर पर राधाकृष्ण मंदिर समिति के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, सुरेश गोयल, कश्मीरी लाल, पूरण जुयाल, संदीप अग्रवाल, ज्ञान प्रकाश गोयल, रमेश राव, राजेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
