दीपावली पर जनता के बीच पहुंचीं पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी, सुख-समृद्धि की कामना की

मसूरी। नगर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने दीपावली के पावन पर्व पर नगर भ्रमण कर आमजन और व्यापारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि दीपावली केवल रोशनी का पर्व नहीं, बल्कि आपसी खटास मिटाकर मेलजोल बढ़ाने और रिश्तों को मजबूत बनाने का अवसर भी है। पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ पुराने टिहरी बस स्टैंड से दीपावली की शुभकामनाएं देने के लिए नगर भ्रमण पर निकलीं। इस दौरान उन्होंने राह चलते लोगों और दुकानदारों से मुलाकात कर उन्हें दीपावली की बधाई दी।
उनका नगर भ्रमण मलिंगार चैक, गुरुद्वारा चैक, लंढौर चैक, घंटाघर, शहीद भगत सिंह चैक, इंद्रमणि बड़ोनी चैक, शहीद स्थल और मालरोड होते हुए गांधी चैक तक पहुंचा। इस दौरान पालिका सभासदों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन पर नृत्य करते हुए पर्व की खुशियां साझा कीं। पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि मसूरी की जनता के सहयोग और आशीर्वाद से उन्हें नगर पालिकाध्यक्ष का दायित्व मिला है। ऐसे में पर्वों के अवसर पर जनता के बीच पहुंचकर उनका आशीर्वाद लेना और खुशियां साझा करना उनके लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नगर की जनता और व्यापारियों ने पूरे उत्साह के साथ दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि उनका निरंतर प्रयास है कि वह जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरें। नगर के विकास और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। शहर की सुंदरता बढ़ाने और मालरोड की गरिमा वापस लाने के लिए कुछ बदलाव किए गए हैं और आवश्यकतानुसार कड़े निर्णय भी लिए जा रहे हैं, ताकि मसूरी व्यवस्थित रहे और पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि मसूरी में पार्किंग की समस्या लगातार चुनौती बनी हुई है। इसके समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। शहर के विभिन्न स्थानों पर पार्किंग के लिए 42 स्थान चिह्नित किए गए हैं। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, नगर पालिका सभासद रणवीर कंडारी, गौरी थपलियाल, विशाल खरोला, पवन थलवाल, विजय बिंदवाल, कुशाल राणा, विजय रमोला, अनिल गोयल, अनीता धनाई, कमला थपलियाल, जगजीत कुकरेजा, सतीश ढौडियाल, आशीष जोशी, शिव अरोड़ा सहित पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.