रोटरी क्लब मसूरी ने हिमवीरों संग बांटी दीपावली की खुशियां, 525 मिठाई के डिब्बे वितरित
1 min read
मसूरी। दीपावली के अवसर पर रोटरी क्लब मसूरी ने भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) के हिमवीरों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। क्लब की ओर से आईटीबीपी के प्रशासनिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में जवानों को 525 मिठाई के डिब्बे वितरित किए गए। यह पहल देश की सीमाओं की रक्षा में जुटे जवानों के प्रति सम्मान, आभार और त्योहारी सद्भावना का प्रतीक रही। रोटरी क्लब मसूरी के अध्यक्ष अश्वनी मित्तल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में जवानों को दीपावली की शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर अश्वनी मित्तल ने कहा कि रोटरी क्लब आईटीबीपी के हिमवीरों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कर उनके समर्पण, त्याग और राष्ट्रसेवा के प्रति आभार व्यक्त कर रह
उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा में तैनात जवान अक्सर त्योहारों के अवसर पर भी अपने परिवारों से दूर रहकर कर्तव्य निभाते हैं। ऐसे में उनके साथ दीपावली की खुशियां साझा करना और उनके प्रति सम्मान व्यक्त करना क्लब के लिए गर्व का विषय है। जवानों को भेंट किए गए मिठाई के डिब्बे क्लब की ओर से सम्मान और आभार का प्रतीक हैं।
कार्यक्रम में आईटीबीपी के डीआईजी निशित चंद्र ने रोटरी क्लब मसूरी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्लब प्रतिवर्ष दीपावली के अवसर पर आईटीबीपी के जवानों के साथ खुशियां साझा कर उनका उत्साह बढ़ाता है। इस तरह के आयोजन जवानों के मनोबल को बढ़ाने के साथ ही समाज और सुरक्षा बलों के बीच आत्मीय संबंधों को भी मजबूत करते हैं। इस अवसर पर रोटरी क्लब की ओर से पूर्व अध्यक्ष विनेश संघल, शैलेंद्र करनवाल, डीके जैन, सेवानिवृत्त आईजी मनोरंजन त्रिपाठी, दीपक अग्रवाल, रोटेरियन शिवम अग्रवाल, संदीप साहनी और मयूर गर्ग उपस्थित रहे। वहीं, आईटीबीपी की ओर से अकादमी के निदेशक एवं आईजी गिरीश चंद्र उपाध्याय, डीआईजी निशित चंद्र और मुख्य कार्यकारी अधिकारी अविनाश सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।
