जॉर्ज एवरेस्ट भूमि प्रकरण पर संग्राम, गोदियाल को काले झंडे दिखाने पर भाजपा-कांग्रेस में भिड़ंत

1 min read

मसूरी। जॉर्ज एवरेस्ट की संपत्ति को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। हाथीपांव स्थित जॉर्ज एवरेस्ट की 144 हेक्टेयर भूमि को बाबा रामदेव के सहयोगी बालकृष्ण की कंपनी को एक करोड़ रुपये में लीज पर दिए जाने के विरोध में धरना देने जा रहे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल को भाजपा कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए। इस दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक के बाद झड़प और मारपीट हो गई। दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चलने से मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। पुलिस ने हस्तक्षेप कर किसी तरह मामला शांत कराया।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल जॉर्ज एवरेस्ट की संपत्ति को लीज पर दिए जाने के विरोध में धरना देने के लिए हाथीपांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उन्हें काले झंडे दिखाए। जवाब में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा के विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस होने लगी। मामला बढ़ने पर कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू हो गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया।
घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने भाजपा मसूरी मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल और अन्य कार्यकर्ताओं के साथ अभद्रता की। इस आरोप के बाद राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई। भाजपा मसूरी मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपनी राजनीतिक पृष्ठभूमि खो चुकी है और युवाओं को भड़काने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान बचाओ, देश बचाओ के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा की गई अभद्रता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने कहा कि भाजपा मंडल अध्यक्ष पहले स्वयं जॉर्ज एवरेस्ट को बचाने के लिए धरना-प्रदर्शन कर चुके हैं। अब भाजपा कांग्रेस के प्रदर्शन से बौखलाकर विरोध कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया गया, अन्यथा मामला और गंभीर हो सकता था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने महिलाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ अभद्रता की, जिससे कार्यकर्ताओं में आक्रोश उत्पन्न हुआ। अनुज गुप्ता ने कहा कि इस संबंध में पुलिस को पहले ही अवगत करा दिया गया था, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा जिस तरह की अभद्रता की गई, उसे स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने पूर्व पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता से इस घटना के लिए माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतांत्रिक तरीके से किया जाना चाहिए। किसी भी प्रकार की अभद्रता और अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।इकाले झंडे दिखाने के दौरान पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी, भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, उपाध्यक्ष अरविंद सेमवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, महामंत्री नरेंद्र मेलवान, आशीष जोशी, युवा मोर्चा अध्यक्ष सचिन पंवार, सभासद विजय बिंदवाल, अनिल गोयल, अनीता धनाई, सीता पंवार, प्रदेश मंत्री आर्यनदेव उनियाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। जॉर्ज एवरेस्ट भूमि प्रकरण को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच बढ़ती तल्खी के बीच मसूरी में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.