रूकबी मैनर बना इंटर होटल क्रिकेट प्रतियोगिता का चैंपियन, जोन कनेक्ट को सात विकेट से हराया

1 min read

मसूरी। सर्वे मैदान में आयोजित नाइन-ए-साइड इंटर होटल क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब रूकबी मैनर ने अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में रूकबी मैनर ने जोन कनेक्ट को सात विकेट से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता में विभिन्न होटलों की टीमों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए जोन कनेक्ट की टीम निर्धारित 12 ओवरों में 53 रन ही बना सकी। टीम की ओर से जहांगीर ने सर्वाधिक 17 और अर्जुन ने 12 रन बनाए। रूकबी मैनर की ओर से अंशुल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके, जबकि प्रमोद ने दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी रूकबी मैनर की टीम ने एक विकेट खोकर आसानी से जीत हासिल कर ली। टीम की ओर से नितिन ने 20, प्रमोद ने 21 और सबल ने छह रन का योगदान दिया। इससे पहले खेले गए पहले सेमीफाइनल में जोन कनेक्ट ने रेडिसन को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। रेडिसन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 57 रन बनाए। सुमित ने 18 और अनिल ने 12 रन बनाए। जोन कनेक्ट की ओर से जहांगीर ने तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए जोन कनेक्ट ने पांच ओवर में ही जीत हासिल कर ली। अर्जुन ने मात्र 17 गेंदों में 40 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।
दूसरे सेमीफाइनल में रूकबी मैनर ने द वेलकम सवाय को सात विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सवाय की टीम 47 रन ही बना सकी। रूकबी की ओर से अर्जुन और कोमल ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए रूकबी ने एक विकेट खोकर जीत हासिल की। टीम की ओर से प्रमोद ने 17 और सबल भंडारी ने 24 रन बनाए।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए। प्रतियोगिता में जोन कनेक्ट के अर्जुन को मैन ऑफ द सीरीज, द फर्न ब्रेंटवुड को बेस्ट टीम, रूकबी के अर्जुन को बेस्ट बॉलर तथा रूकबी के अंशुल को बेस्ट फील्डर का पुरस्कार दिया गया।
प्रतियोगिता के संयोजक सलीम अहमद ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता, व्यापार संघ महामंत्री जगजीत कुकरेजा, शैलेंद्र कर्णवाल, नागेंद्र उनियाल, मेघ सिंह कंडारी, सभासद विजय बिंदवाल, अनिल गोयल, अनुज तायल, मनोज अग्रवाल, अतुल अग्रवाल, राजेश शर्मा सहित विभिन्न होटलों के प्रबंधक, मानव संसाधन अधिकारी और खिलाड़ी मौजूद रहे।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.