सुनील रावत स्मृति फुटबॉल प्रतियोगिता में टीएचएफ का दबदबा, जूनियर फाइनल में दून सिटी को 3-1 से हराया

1 min read

मसूरी। सातवीं स्वर्गीय सुनील रावत स्मृति तीन दिवसीय सेवन-ए-साइड डे-नाइट फुटबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। जूनियर वर्ग के फाइनल मुकाबले में टीएचएफ ने दून सिटी को 3-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन का शुभारंभ भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री आर्यन देव उनियाल ने किया। जूनियर वर्ग के फाइनल में टीएचएफ की टीम ने बेहतर तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए दून सिटी को शिकस्त दी। मुकाबले में जीत के साथ ही टीम ने विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।
वहीं, 40 प्लस वर्ग के मुकाबलों में भी खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। पहले मैच में यूके मास्टर्स ने हैप्पी वैली को 4-0 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। दूसरे मुकाबले में मसूरी ब्वॉयज ने पेनाल्टी शूटआउट में हिमालयन एफसी को 9-8 से पराजित किया। तीसरे मैच में दून लीजेंड्स ने द्वारका डायनोस दिल्ली को 1-0 से हराया, जबकि चैथे मुकाबले में सुंदरवाला ने शिवा स्पोर्ट्स क्लब को 1-0 से शिकस्त दी। 40 प्लस वर्ग के पहले सेमीफाइनल में दून लीजेंड्स ने मसूरी ब्वॉयज लीजेंड्स को 2-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में यूके मास्टर्स ने पेनाल्टी शूटआउट में सुंदरवाला को 5-4 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। प्रतियोगिता के दौरान मंच संचालन अनिल सिंह अन्नू और अमित पंवार ने किया। निर्णायक की भूमिका मनीष, अभिषेक और निक्कू ने निभाई। इस अवसर पर सभासद पवन थलवाल, वीरेंद्र पंवार जिप्सी, विक्रम पंवार रूपचंद, गंभीर पंवार, कुलदीप रावत, सैमुअल चंद्रा, अजय मार्क, नरेंद्र रावत, नरेंद्र थापा, सुशील नेगी, स्वराज राणा, रविंद्र रावत, राहुल रांगड़, मनोज थापा, मनोज, कमलेश, मनवीर बर्त्वाल, हिमांशु सजवाण, सुरेश सुखौती, दीपक मेहर, पदम थापा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.