गोल्फकार्ट संचालन के विरोध में मजदूर संघ का दूसरा गुट सामने आया

1 min read

मसूरी। गोल्फकार्ट संचालन को लेकर चल रहे विवाद के बीच मजदूर संघ का एक दूसरा गुट भी सामने आया है। गुट ने शहीद स्थल पर भूख हड़ताल कर रहे लोगों को मजदूर संघ का सदस्य मानने से इनकार करते हुए दावा किया कि उन्हें पूर्व में संगठन से निष्कासित किया जा चुका है। मजदूर संघ के एक गुट के महामंत्री सोबन सिंह पंवार ने कहा कि भूख हड़ताल कर रहे लोगों की मांगों से उनका संगठन सहमत नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि मसूरी में गोल्फकार्ट का संचालन शुरू किया गया तो मजदूर संघ इसके विरोध में अनिश्चितकालीन आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करेगा।
सोबन सिंह पंवार ने दावा किया कि गोल्फकार्ट का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। ऐसे में उन्होंने भूख हड़ताल को न्यायालय की अवमानना बताते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि गोल्फकार्ट सड़क पर संचालन के लिए उपयुक्त नहीं है और यह मोटर व्हीकल एक्ट के दायरे में भी नहीं आती। इस संबंध में मजदूर संघ की बैठक जयमल पंवार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में गोल्फकार्ट संचालन का विरोध करने का निर्णय लिया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि यदि नगर पालिका ने गोल्फकार्ट का संचालन शुरू किया तो संगठन आंदोलन करेगा। बैठक में महामंत्री सोबन सिंह पंवार, बिंदी लाल, कमल कंडारी, पुसु लाल, कुलदीप सिंह, जैमल, उत्तम नेगी, रमेश सिंह, कमानी देवी,संत लाल, सीता देवी, विजय कुमार सहित मजदूर संघ के सदस्य मौजूद रहे।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.