बदलते ऊर्जा परिदृश्य में शोध, नवाचार और ऊर्जा सुरक्षा पर दिया जोर

1 min read

देहरादून। ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन लिमिटेड (ओएनजीसी) की ओर से देहरादून स्थित केडीएमआईपीई परिसर, कौलागढ़ रोड में इंडिया एनर्जी वीक-2027 के कर्टेन रेजर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कोलकाता में आयोजित मुख्य कर्टेन रेजर समारोह का लाइव वेबकास्ट भी किया गया। इंडिया एनर्जी वीक-2027 का मुख्य आयोजन 28 से 31 जनवरी 2027 तक कोलकाता के न्यू टाउन कन्वेंशन सेंटर में प्रस्तावित है। कार्यक्रम में तेजी से बदलते वैश्विक ऊर्जा परिदृश्य, ऊर्जा सुरक्षा, नई तकनीक, अनुसंधान एवं नवाचार पर विशेष रूप से चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और तकनीकी बदलाव के वर्तमान दौर में ऊर्जा क्षेत्र को भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप तैयार करने के लिए विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं, वैज्ञानिकों और युवा पेशेवरों को अनुसंधान तथा नवाचार पर विशेष ध्यान देना होगा। भारत की लगातार बढ़ती ऊर्जा मांग को देखते हुए पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों के साथ स्वच्छ एवं वैकल्पिक ऊर्जा तथा नई तकनीकों के विकास को भी समान महत्व देना आवश्यक है।
ऊर्जा सुरक्षा केवल आपूर्ति का प्रश्न नहींः हरदीप सिंह पुरी
कोलकाता में आयोजित मुख्य कर्टेन रेजर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भारत की ऊर्जा सुरक्षा और बदलते वैश्विक ऊर्जा परिदृश्य पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में ऊर्जा सुरक्षा का अर्थ केवल तेल और गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करना नहीं है, बल्कि युद्ध, आपूर्ति मार्गों में व्यवधान, कीमतों में उतार-चढ़ाव तथा अचानक उत्पन्न होने वाले वैश्विक संकटों के बीच देश की अर्थव्यवस्था को गतिशील बनाए रखना भी है।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.