सेवा संकल्प अभियान में जरूरतमंदों को बांटे कंबल
मसूरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत भाजपा मसूरी मंडल की ओर से सेवा सेतु कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बढ़ती ठंड को देखते हुए जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए गए।
कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने पहुंचकर जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए। उन्होंने कहा कि सेवा भारतीय संस्कृति और सामाजिक जीवन की मूल भावना है। सेवा सप्ताह केवल किसी एक अवसर तक सीमित कार्यक्रम नहीं है, बल्कि समाज के जरूरतमंद वर्ग के साथ खड़े होने, उनकी आवश्यकताओं को समझने और यथासंभव सहयोग करने का संकल्प है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा गतिविधियों के माध्यम से मनाने का उद्देश्य समाज में सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने भाजपा मसूरी मंडल के कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से सेवा कार्यों को व्यापक रूप दिया जा सकता है तथा समाज में परस्पर सहयोग और संवेदना की भावना को मजबूत किया जा सकता है। इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी, मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, मोहन पेटवाल, राकेश रावत, सतीश ढौंडियाल, विजय रमोला, विजय बिंदवाल, युवा मोर्चा अध्यक्ष सचिन पंवार सहित भाजपा मसूरी मंडल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
