गुरू सिंह सभा के 109वें सालाना उत्सव पर बारिश के बीच निकला भव्य नगर कीर्तन
1 min readमसूरी। गुरू सिंह सभा के 109वें सालाना उत्सव के अवसर पर बारिश के बीच भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन गुरुद्वारा लंढौर से शुरू होकर गांधी चैक स्थित गुरुद्वारे तक पहुंचा। इस अवसर पर गुरुद्वारे में शबद कीर्तन एवं व्याख्यान आयोजित किए गए और श्रद्धालुओं ने लंगर में प्रसाद ग्रहण किया।
नगर कीर्तन गुरुद्वारा लंढौर से मलिंगार, लंढौर बाजार, घंटाघर, शहीद भगत सिंह चैक, इंदमणि बडोनी चैक और मालरोड होते हुए गांधी चैक स्थित गुरुद्वारे तक पहुंचा। भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु नगर कीर्तन में शामिल हुए।
नगर कीर्तन में ब्रास बैंड के साथ गुरू नानक स्कूल के बैंड ने प्रस्तुति दी। वहीं गतका पार्टी ने हैरतअंगेज करतब दिखाए। पंच प्यारे नगर कीर्तन का विशेष आकर्षण रहे। महिलाएं कीर्तन करती हुई चल रही थीं। एक वाहन में गुरू ग्रंथ साहिब के दर्शन कराए गए और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर गुरू सिंह सभा के अध्यक्ष एमपीएस खुराना, त्रिलोचन सिंह, परमवीर कोहली, अवतार कुकरेजा, अनिल गोयल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। वहीं, लंढौर गुरुद्वारा में आयोजित 109वें सालाना दीवान कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने भी शिरकत की। उन्होंने गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेका और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
गणेश जोशी ने कहा कि गुरु साहिब की शिक्षाएं मानवता, सेवा, भाईचारे, समानता और सद्भाव का संदेश देती हैं। ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम और भाईचारे को मजबूत करने के साथ युवा पीढ़ी को सेवा एवं संस्कारों से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि मसूरी की गंगा-जमुनी तहजीब और सांप्रदायिक सौहार्द प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। सभी धर्मों और समुदायों के बीच आपसी प्रेम, सम्मान एवं भाईचारा उत्तराखंड की पहचान है।
इस अवसर पर गणेश जोशी ने कार्यक्रम के आयोजकों एवं गुरुद्वारा प्रबंधन समिति को 109वें सालाना दीवान के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उन्हें भी शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, सिख समाज के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
