लिटरेचर एंड आर्ट फेस्टिवल 26 व 27 सितंबर को, देश-विदेश के 30 से अधिक लेखक होंगे शामिल

1 min read

मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में आगामी 26 और 27 सितंबर को दूसरे लंढौर लिटरेचर एंड आर्ट फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। दो दिवसीय आयोजन में देश-विदेश के 30 से अधिक साहित्यकार, कलाकार और रचनाकार हिस्सा लेंगे। इस दौरान फिल्मों का प्रदर्शन, लाइव म्यूजिक, कविता पाठ, व्याख्यान और साहित्यिक चर्चाओं सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

लेखक एवं द चक्कर के को-फाउंडर करण मधोक ने बताया कि मसूरी में आयोजित होने वाला यह साहित्य एवं कला महोत्सव ट्रैवल राइटर पद्मश्री ह्यू गेंजर और कॉलिन गेंजर को समर्पित है। द चक्कर और मसूरी हेरिटेज सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित फेस्टिवल लंढौर छावनी क्षेत्र स्थित आईवी बैंक में होगा।

करण मधोक ने कहा कि दुनिया में लंढौर और मसूरी जैसी बहुत कम जगहें हैं, जहां इतने रचनात्मक लोग जन्मे और रहे हैं तथा जिन्होंने साहित्य और अन्य क्षेत्रों को प्रभावित किया। फेस्टिवल का उद्देश्य क्षेत्र की सांस्कृतिक एवं कलात्मक विरासत को सम्मान देने के साथ ही व्यापक समुदाय से जुड़ना और हिमालयी इकोसिस्टम को सस्टेनेबल बनाने एवं बढ़ावा देने की दिशा में संवाद को आगे बढ़ाना है।

मसूरी हेरिटेज सेंटर की फाउंडर एवं क्यूरेटर सुरभि अग्रवाल ने बताया कि मसूरी हेरिटेज सेंटर लंबे समय से कम्युनिटी प्लेटफॉर्म और लंदौर लेक्चर सीरीज के माध्यम से ज्ञानवर्धक चर्चाओं, कला और मनोरंजन को बढ़ावा देता रहा है। इसी कड़ी में इस फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है।

फेस्टिवल में स्टीफन ऑल्टर, अमेरिकी लेखक एवं वैज्ञानिक एलन लाइटमैन, उत्तराखंड के अशोक पांडे, जान्हवी प्रसाद, गोवा के विवेक मेनेजेस, लेखक एवं पत्रकार जिमी ऑल्टर, स्थानीय संगीतकार आरडी मनराल, स्मिता अग्रवाल, अनमोल जैन, नारायणी बसु, अतुल सेठी, रूपलीना बोस, किरण भट्ट, युसुफ अंसारी, मार्तंड बड़ोनी, मुक्ति दत्ता, एएम गौतम, लोकेश घई, सिद्धार्थ कपिला, प्रिया कपूर, प्रेरणा रतूड़ी, अक्षय शाह, संयुक्ता शर्मा, सौरभ शर्मा, सीजल वोहरा, प्रतीक संतराम और राज बिजलवाण सहित कई लेखक एवं कलाकार शामिल होंगे।

आयोजकों के अनुसार फेस्टिवल में इस बार अधिकांश लेखक अंग्रेजी भाषा के हैं, जबकि हिंदी लेखकों की संख्या अपेक्षाकृत कम है। आने वाले वर्षों में हिंदी के लेखकों को भी अधिक प्राथमिकता देने की योजना है। उन्होंने बताया कि फेस्टिवल में शामिल होने वाले अधिकांश रचनाकारों का मसूरी से किसी न किसी रूप में जुड़ाव रहा है।

फेस्टिवल के दौरान चार पुस्तकों का लोकार्पण भी किया जाएगा, जबकि विभिन्न लेखकों की पुस्तकों पर चर्चा और संवाद के सत्र भी आयोजित होंगे। इस आयोजन के जरिए मसूरी की साहित्यिक, सांस्कृतिक और कलात्मक विरासत को देश-विदेश के रचनाकारों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है

 

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.