यूपीसीएल के प्रबन्ध निदेशक ने मीटर रीडरों से की सीधी वार्ता

1 min read

देहरादून। विद्युत बिलिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रबन्ध निदेशक, यूपीसीएल पीसी ध्यानी ने मीटर रीडरों के साथ सीधे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने मीटर रीडिंग से जुड़े फील्ड स्तर के कार्यों एवं व्यावहारिक पहलुओं पर मीटर रीडरों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि फील्ड स्तर पर कार्य करने वाले मीटर रीडर विभाग और उपभोक्ता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी है। इसलिए उनकी समस्याओं को समझना और उनका समाधान करना भी विभाग की प्राथमिकता है। प्रबन्ध निदेशक ने मीटर रीडरों से सीधे फीडबैक लेते हुए उनके सामने आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों की जानकारी प्राप्त की और सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया। प्रबन्ध निदेशक द्वारा मीटर रीडरों से सीधे संवाद की यह पहल इस बात को दर्शाती है कि विभागीय कार्यप्रणाली में फील्ड स्तर पर कार्य करने वाले कर्मचारियों के अनुभव और फीडबैक को महत्व दिया जा रहा है।
वार्ता के दौरान मीटर रीडरों के साथ उनके कार्य से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई तथा प्रबन्ध निदेशक द्वारा सभी मीटर रीडरों को सख्त हिदायत भी दी गई कि सभी अपने सम्बन्धित कार्य क्षेत्र में शत प्रतिशत बिलिंग किया जाना सुनिश्चित करेंगे। प्रबन्ध निदेशक ने कहा कि सही, समयबद्ध एवं वास्तविक मीटर रीडिंग बेहतर बिलिंग व्यवस्था की आधारशिला है। मीटर रीडिंग में किसी भी प्रकार की त्रुटि का सीधा प्रभाव बिलिंग एफिशिएंसी तथा उपभोक्ता संतुष्टि पर पड़ता है। उन्होंने मीटर रीडरों को निर्देशित किया कि प्रत्येक कनेक्शन की रीडिंग निर्धारित समय-सीमा में सावधानीपूर्वक एवं वास्तविक मीटर के आधार पर दर्ज की जाए। सटीक एवं समयबद्ध मीटर रीडिंग का सीधा सम्बन्ध बेहतर बिलिंग एफिशिएंसी से है। ऐसे में प्रबन्ध निदेशक की यह पहल बिलिंग व्यवस्था को और अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। बैठक में सभी मुख्य अभियन्ता, अधीक्षण अभियन्ता, अधिशासी अभियन्ता, उपखण्ड अधिकारी, अवर अभियन्ता द्वारा ऑन लाईन माध्यम से प्रतिभाग किया गया। बैठक के अंत में प्रबन्ध निदेशक ने अधिकारियों एवं मीटर रीडरों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए बेहतर बिलिंग, बेहतर राजस्व प्रबंधन और बेहतर उपभोक्ता सेवा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.