प्रियंका नेगी ने बढ़ाया उत्तराखंड का मान, वायुसेना में बनीं फ्लाइंग ऑफिसर

देहरादून। चमोली जिले के नंदानगर के बंगाली गांव की बेटी प्रियंका नेगी ने भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनकर क्षेत्र और परिवार का नाम रोशन किया है। सैन्य पृष्ठभूमि से आने वाली प्रियंका की इस उपलब्धि से उनके पैतृक गांव सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
प्रियंका ने अपनी प्रारंभिक एवं स्कूली शिक्षा आर्मी पब्लिक स्कूल, लखनऊ से पूरी की। इसके बाद उन्होंने ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी से कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में बीटेक की पढ़ाई पूरी की। तकनीकी शिक्षा के बाद उन्होंने भारतीय वायुसेना में अधिकारी बनने का लक्ष्य निर्धारित किया और कठिन प्रशिक्षण एवं चयन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा किया।
प्रियंका ने एयर फोर्स ट्रेनिंग कॉलेज बेंगलुरु में प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद उन्हें भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर के पद पर कमीशन प्रदान किया गया। उनके प्रशिक्षण बैच में कुल 118 कैडेट शामिल रहे, जिनमें भारतीय एवं विदेशी मित्र देशों के कैडेट भी शामिल थे। इस उपलब्धि के साथ प्रियंका ने सैन्य सेवा की पारिवारिक परंपरा को भी आगे बढ़ाया है।
प्रियंका के पिता इत्वार सिंह भारतीय सेना की सिग्नल कोर में सूबेदार पद पर सेवा दे चुके हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। प्रियंका मूल रूप से चमोली जिले के नंदानगर क्षेत्र के बंगाली गांव की रहने वाली हैं। प्रियंका नेगी की यह उपलब्धि विशेष रूप से क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से यह साबित किया है कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में सफलता के नए आयाम स्थापित कर सकती हैं। प्रियंका की सफलता पर उनके परिजनों, ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.