महिला कांग्रेस ने मुख्यमंत्री को राखी भेंटकर अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की प्रगति सार्वजनिक करने की मांग की
1 min read
देहरादून। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी को राखी भेंट करते हुए अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े महत्वपूर्ण सवालों का जवाब जनता के सामने रखने तथा प्रकरण की सीबीआई जांच की प्रगति सार्वजनिक करने की मांग की। इस अवसर पर महिला कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी सौंपा गया। महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड उत्तराखंड की जनता, विशेषकर मातृशक्ति के लिए बेहद संवेदनशील और पीड़ादायक विषय है। घटना को लंबा समय बीत जाने के बावजूद इस मामले से जुड़े कई सवाल आज भी अनुत्तरित हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता यह जानना चाहती है कि मामले की सीबीआई जांच कहां तक पहुंची है और जांच में अब तक क्या महत्वपूर्ण तथय सामने आए हैं।
उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित वीआईपी प्रकरण की सच्चाई भी पूरी तरह सामने आनी चाहिए। वीआईपी कौन था, उसका इस पूरे प्रकरण से क्या संबंध था और जांच में इस संबंध में क्या तथय सामने आए हैं, इन सभी सवालों पर सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
श्रीमती रौतेला ने कहा कि एक बेटी को न्याय दिलाना केवल उसके परिवार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज और सरकार का दायित्व है। उन्होंने मांग की कि सरकार सीबीआई जांच की प्रगति और जांच से संबंधित तथय जनता के समक्ष पारदर्शी तरीके से रखे तथा वीआईपी प्रकरण की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करते हुए दोषियों को किसी भी स्तर पर संरक्षण न दिया जाए। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि राखी का पर्व भाई-बहन के विश्वास और सुरक्षा का प्रतीक है। ऐसे अवसर पर मुख्यमंत्री को राखी भेंट कर महिला कांग्रेस ने प्रदेश की बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय के प्रति सरकार की जवाबदेही की याद दिलाई है।
महिला कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि अंकिता भंडारी को न्याय मिलने तक कांग्रेस पार्टी और महिला कांग्रेस इस मुद्दे को मजबूती से उठाती रहेगी। कार्यकर्ताओं ने सरकार से मांग की कि पीड़ित परिवार को पूर्ण न्याय दिलाने के साथ-साथ प्रकरण से जुड़े सभी तथयों को सार्वजनिक किया जाए, ताकि जनता के मन में उठ रहे सवालों का समाधान हो सके। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष आशा डोबरियाल शर्मा, चन्द्रकला नेगी, शोभा बडोनी, जिलाध्यक्ष पूनम सिंह, रश्मि पटवाल, आशा रावत, अंशुल त्यागी, लता जोशी, दीपा चैहान, पुष्पा पंवार, निधि नेगी, सुशीला शर्मा, अनुराधा तिवारी, सरिता बिष्ट, दर्शनी रावत, सरिता कुरैशी, गार्गी राय, रेखा ढींगरा आदि शामिल थे।
