80वाँ स्वतंत्रता दिवस एवं योगेश्वर जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया

1 min read

मसूरी। महात्मा योगेश्वर सरस्वती विद्या मन्दिर इण्टर कॉलेज, मसूरी में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस एवं ब्रह्मलीन पूज्य महात्मा योगेश्वर का जन्मोत्सव बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि, नगर पालिका परिषद मसूरी की अध्यक्ष मीरा सकलानी, प्रबन्ध समिति के अध्यक्ष शेलेन्द्र कर्णवाल, पदाधिकारियों एवं प्रधानाचार्य डॉ. मनोज रयाल ने ध्वजारोहण किया गया।
तत्पश्चात दीप प्रज्ज्वलन, पुष्पार्चन, माल्यार्पण एवं सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ। प्रधानाचार्य डा. मनोज रयाल ने अतिथियों का स्वागत-परिचय कराते हुए उन्हें बैज एवं पटका पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र छात्राओं ने रंगारंग एवं आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियाँ देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यार्थियों द्वारा महात्मा योगेश्वर के जीवन परिचय, उनसे जुड़े प्रेरक प्रसंग एवं एक लघुनाटिका का सुंदर प्रदर्शन भी किया गया। स्वतंत्रता दिवस के इस शुभ अवसर पर विद्यालय की हस्तलिखित पत्रिका श्ज्योतिर्पुंज के 18वें संस्करण वन्देमातरम् की 150 वर्षों की यात्रा विशेषांक का विमोचन अतिथियों द्वारा किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि मीरा सकलानी ने कहा कि जिन पूर्वजों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर हमें आजादी दिलाई, उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम एक आदर्श नागरिक की भूमिका निभाएं। हमें अपने राष्ट्र को स्वच्छ, सुन्दर और हरा-भरा बनाने में अपना पूर्ण योगदान देना चाहिए। प्रबंध समिति अध्यक्ष शैलेंद्र कर्णवाल ने कहा हमें जो आजादी लंबे संघर्षों और बलिदानों के परिणामस्वरूप मिली है, उसे संजोये रखना हम सबका प्रथम कर्तव्य है। हम अपने-अपने क्षेत्रों में अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी से करें, तो वह भी एक प्रकार की देशभक्ति ही है। कार्यक्रम में शैलेंद्र कर्णवाल, चन्द्रप्रकाश गोदियाल, अशोक अग्रवाल, मनमोहन कर्णवाल, जयजयवन्ती कर्णवाल, रश्मि कर्णवाल सहित विद्यालय के समस्त आचार्य वर्ग, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.