महिलाएं आधी रात को नशे के खिलाफ सड़कों पर उतरी

1 min read

मसूरी। मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ओल्ड मसूरी रोड पर थानी गांव के निकट आधी रात को महिलाएं लाठी डंडे लेकर नशे के खिलाफ सड़कों पर उतर गई। लंबे समय से यहां नशे का कारोबार फल फूल रहा है, जिस पर महिलाओं का यहां से गुजरना मुश्किल हो गया है देर रात तक नशेड़ी यहां घूमते हैं और लोगों के घरों में घुस जाते हैं और गांजा और भांग की मांग करने लगते हैं। जिससे यहां के बच्चों पर भी बुरा प्रभाव पड़ रहा है। हालांकि पुलिस कभी-कभी यहां पर गस्त लगाती है लेकिन इसके बावजूद भी नशे के कारोबार में कोई कमी नहीं आई है और आखिरकार यहां की महिलाओं को आगे आना पड़ा, और रात को सड़कों पर खड़े होकर लाठी डंडों के साथ यहां आने वाले नशे के आदी लोगों को खदेड़ा गया। यहां की महिलाओं में सूखे नशे को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है और शासन प्रशासन से मांग की है कि यहां पर लगातार पुलिस की गस्त लगाई जाए और नशे के कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त सख्त कार्रवाई की जाए।  स्थानीय निवासी सुधा बधानी ने बताया कि यहां पर रहते हुए उन्हें 6 वर्ष से अधिक समय हो गया है और उससे पहले भी यहां से नशे का कारोबार चलता था लेकिन अब यहां की महिलाओं ने क्षेत्र को नशा मुक्ति करने का अभियान चलाया है। यहां पर स्कूल से छोटे-छोटे बच्चे नशे का सामान लेने के लिए आते हैं जिससे उनका भविष्य भी खराब हो रहा है साथ ही यहां पर आए दिन लड़ाई झगड़ा और गाली गलौज के कारण बच्चों और महिलाओं को रहने में काफी परेशानी हो रही है। उनके द्वारा राजपुर थाने में भी इसको लेकर एक शिकायत दर्ज की गई है और पुलिस भी यहां पर आकर जांच कर रही है। स्थानीय निवासी पुष्पा देवी ने बताया कि यहां पर रात को घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया था खास करके महिलाओं और बच्चों पर नशेड़ियों द्वारा फब्तीयां कसी जाती थी रात को यहां पर माहौल बहुत खराब हो जाता था इसके बाद यहां की महिलाओं को आगे आना पड़ा है और पुलिस में भी इसकी शिकायत दी गई है। पुलिस द्वारा भी इनका पूरा सहयोग किया जा रहा है इस मौके पर संगीता बिष्ट, पूनम, रोशनी, सरिता नेगी, दीपशिखा, अनीता आदि मौजूद रही।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.