सेंट जॉर्ज कॉलेज हेरिटेज कप (जैकी) आमंत्रण फुटबॉल टूर्नामेंट में 24 टीमें कर रही प्रतिभाग
1 min read
मसूरी। सेंट जॉर्ज कॉलेज, मसूरी में आयोजित प्रतिष्ठित 53वें सेंट जॉर्ज कॉलेज हेरिटेज कप (जैकी) आमंत्रण फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 का आयोजन पूरे उत्साह, जोश एवं खेल भावना के साथ निरंतर जारी है। 1 अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में क्षेत्र के विभिन्न प्रसिद्ध विद्यालयों एवं फुटबॉल क्लबों की कुल 24 अग्रणी टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। यह प्रतियोगिता फुटबॉल में उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवा खिलाड़ियों में अनुशासन, टीम भावना और सच्ची खेल भावना के विकास की गौरवशाली परम्परा को आगे बढ़ा रही है।
आज खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट कौशल, दृढ़ संकल्प और प्रतिस्पर्धात्मक खेल का शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न टीमों ने प्रभावशाली खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। दिन के पहले मुकाबले में खेतवाला स्पोर्ट्स क्लब ने ब्लू फुटबॉल क्लब को 5-0 से पराजित किया। मनीष ने मैच के 6वें मिनट में पहला गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई तथा 27वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया। इसके बाद आशीष ने 42वें मिनट में गोल कर बढ़त को और मजबूत किया। अमन ने 47वें और 52वें मिनट में लगातार दो गोल दागकर अपनी टीम की शानदार जीत सुनिश्चित की।
दूसरे मुकाबले में विनबर्ग एलन स्कूल (ए टीम) ने विनबर्ग एलन स्कूल (बी टीम) को 7-0 से करारी शिकस्त दी। नोरजोंगडी ने 16वें एवं 38वें मिनट में दो गोल किए, जबकि दोरजी ने 22वें और 61वें मिनट में दो गोल दागे। श्रेयांश ने 46वें मिनट, कौशिक ने 53वें मिनट तथा जॉर्डन ने 58वें मिनट में गोल कर ए टीम की एकतरफा जीत पर मुहर लगा दी।
तीसरे मुकाबले में मैनोराइट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैनोर बॉयज को 6-0 से पराजित किया। अर्जुनवीर ने 14वें और 47वें मिनट में दो गोल किए। कमल ने 19वें मिनट, कृतार्श ने 31वें मिनट, बिशाशंक ने 41वें मिनट तथा राजवीर ने 49वें मिनट में गोल कर टीम की शानदार जीत सुनिश्चित की। दिन के चैथे एवं अंतिम मुकाबले में सेंट जॉर्ज कॉलेज (बी टीम) और सेंट जॉर्ज कॉलेज (सी टीम) आमने-सामने थीं। रोमांचक मुकाबले में बी टीम ने सी टीम को 1-0 से हराया। मैच का एकमात्र एवं निर्णायक गोल सिद्धांत ने छठे मिनट में किया, जिसने बी टीम को संघर्षपूर्ण जीत दिलाई। आज के सभी मुकाबलों का सफल संचालन अनुभवी रेफरी पैनल पुष्कर सिंह गुसाईं, प्रदीप नेगी, प्रशांत रावत, मिलन तथा अनीश छेत्री द्वारा निष्पक्ष, पारदर्शी एवं पेशेवर ढंग से किया गया, जिसके परिणामस्वरूप सभी मैच सुचारु एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुए।
सेंट जॉर्ज कॉलेज हेरिटेज कप (जैकी) आमंत्रण फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 का सफल आयोजन ब्रदर जेयसीलन एस. (प्रधानाचार्य), ब्रदर ब्रिट्टो (सुपीरियर एवं खेल सचिव), ब्रदर सिल्वेनस केरकेट्टा (उप-प्रधानाचार्य), ब्रदर लॉरेंस कुजूर (सहायक खेल सचिव), ब्रदर निथिन मिटरली, आनंद थापा (स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर), भवनेश नेगी (जनसम्पर्क अधिकारी) तथा सेंट जॉर्ज कॉलेज, मसूरी के खेल विभाग के समर्पित सदस्यों के कुशल मार्गदर्शन एवं सामूहिक प्रयासों से किया जा रहा है। उनके सतत प्रयास इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की खेल उत्कृष्टता, अनुशासन, सौहार्द एवं खेल भावना की गौरवशाली परम्परा को निरंतर सुदृढ़ बना रहे हैं।
