नगर पालिका बोर्ड बैठक में विभिन्न प्रस्ताव पारित
मसूरी। नगर पालिका परिषद की बैठक शुरू होते ही सभासद सचिन गुहेर ने कहा कि बैठक तब शुरू होगी जब नगर पालिका पर्यटन अधिकारी अपने दायित्व से इस्तीफा देंगे। उनके समर्थन में सभासद बबीता मल्ल, अमित भटट, विशाल खरोला, रूचिता गुप्ता, पवन थलवाल व शिवानी भारती व गौरी थपलियाल भी सदन के अंदर जमीन पर बैठ गये। जिस पर पर्यटन अधिकारी चंद्र प्रकाश बडोनी ने मंच से पर्यटन अधिकारी के पद से इस्तीफा देने की घोषणा की उसके बाद सभी अपने सीटों पर बैठ गये व पालिका बैठक की कार्रवाई शुरू हो सकी।
सभासद सचिन गुहेर का कहना था कि शहर में सोशल मीडिया पर नगर पालिका पर्यटन विभाग पर लगातार वित्तीय अनियिमतिता व भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे है जिससे सभासदों की छवि खराब हो रही है। सभासदों के सदन में जमीन पर बैठने के बाद पर्यटन समिति के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश बडोनी ने पर्यटन अधिकारी के पद से इस्तीफा देने की घोषणा की जिसके बाद सदन की कार्रवाई शुरू हुई। बैठक में पालिका कर्मचारियों के सेवानिवृत्ति के बाद भी पालिका आवासों पर रहने का मामला उठाया गया जिसमें निर्णय लिया गया कि जो कर्मचारी सेवा निवृत्त हो चुके है, उनके आवास पर अगर कोई बाहर का व्यक्ति रह रहा है तो उसे खाली कराया जायेगा व अगर उनका परिवार रह रहा है तो उन्हें वर्तमान दर पर किराया तय करने के बाद रहने के लिए आवास यथावत रखा जायेगा। इस प्रक्रिया को पूरा करने में समय लगेगा व अगली बोर्ड बैठक में पुनः प्रस्ताव लाया जायेगा। बोर्ड बैठक में पालिका के विभिन्न विभागों जिसमें फर्नीचर खराब हो गया हे या मरम्मत की जरूरत है उसे ठीक कराने का प्रस्ताव पास किया गया। शहर के भवनों में वरिष्ठ नागरिकों को भवन कर में 15 प्रतिशत की छूट का प्रावधान रखा गया लेकिन उसके उन्हें स्थायी निवास प्रमाण पत्र देना होगा। बोर्ड बैठक में मालरोड को छोड संपर्क मार्गों के नाम उत्तराखंड आंदोलन के शहीदों के नाम करने का प्रस्ताव पास किया गया। वहीं मालरोड पर आकर्षक सेल्फी प्वाइंट बनाने का भी निर्णय लिया गया। पालिका में संविदा पर कार्यरत 107 कर्मचारियों आगामी अवधि तक कार्य पर रखने का निर्णय लिया गया। शहर का कूड़ा निस्तारण के लिए दो ट्रैक्टर ट्राली खरीदने व एक टाटा 407 व एक पिकअप किराये पर लेने का निर्णय लिया गया, कूड़ा निस्तारण के तहत आईडीएच में बायोमिथिलेशन प्लांट का संचालन बंद होने पर कूडा शहर से बाहर भेजा जायेगा जिसका वहन लार्ड शिवा इंटरप्राइजेज करेगी, शहर में बढते पालतू श्वान पशुओं हेतु स्वच्छता, रेबीज नियंत्रण तथा सुव्यवस्थित प्रंबंधन के लिए पशुओं का पंजीकरण ऑन लाइन किया जायेगा, जिसका दायित्व एक कंपनी को देने पर सहमति प्रदान की गयी। पालिका बोर्ड बैठक में तंबाकू उत्पादों की बिक्री हेतु लाइसेंस शुल्क का निर्धारण विनियमन और नियंत्रण के प्रस्ताव को सदन में पास किया गया। पालिका बोर्ड बैठक में पालिका की छह दुकानें जिसमें पांच मकडेती व एक टाउनहॉल कंपाउड में है के लिए निविदा आमंत्रित किए जाने का प्रस्ताव सदन में पास किया गया वहीं किंक्रेग पर एसडीआरएफ के लिए भूमि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी पास किया गया वहीं पालिका टाउनहाल में 10 कमरों के संचालन के लिए भी निविदा आंमंत्रित करने का सदन में प्रस्ताव पास किया गया। इस संबंध में पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि बोर्ड बैठक में कई प्रस्ताव पास किए गये, जिसमें वरिष्ठ नागरिकों के आवासों पर कर में 15 प्रतिशत की छुूट देने व पालतू श्वानों के पंजीकरण व आवारा श्वानों को सुव्यवस्थित करने का भी प्रस्ताव पास किया गयां उन्होंने पर्यटन समिति के अध्यक्ष के स्तीफे पर कहा कि शहर में सोशल मीडिया पर चर्चा हो रही थी जिससे सभासदों में आक्रोश था व यह सामान्य बात है कि कार्य करने पर आरोप लगते रहते है व उनकी मांग जायज थी। उन्होंने कहा कि बारिश कम होने पर सड़कों की दशा सुधारी जायेगी। वहीं बारिश में बंद कई नालों को खोला गया, जिससे सड़कों के क्षतिग्रस्त होने पर राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि शहर के निर्माण का मलवा आसपास डाला जाता है जिसके कारण आपदा आती है ऐसे में उन निर्माण करने वालों व ठेकेदारों को शहर हित में सोचना चाहिए व निर्धारित डंपिंग जोन में मलवा डालना चाहिए, अगर ऐसा नहीं हुआ तो कार्रवाई की जायेगी। बैठक में गौरी थपलियाल, शिवानी भारती, बबीता मल्ल, विशाल खरोला, रूचिता गुप्ता, अमित भटट, पवन थलवाल, सचिन गुहेर, पंकज खत्री, जसबीर कौर व रणवीर कंडारी, सहित अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन, रजनीश डोबरियाल, कार्यालय अधीक्षक चंद्र प्रकाश बडोनी सहित पालिका के अधिकारी मौजूद रहे।
