रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस का शुभारम्भ

1 min read

देहरादून। उत्तराखण्ड के कुमाऊँ क्षेत्र के रामनगर को देहरादून से बेहतर रेल संपर्क प्रदान करने के उद्देश्य से रेल मंत्रालय ने 15310ध्15309 रामनगर-देहरादून-रामनगर द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस के संचालन को स्वीकृति प्रदान की है। क्षेत्रीय जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग तथा सांसद अनिल बलूनी के विशेष प्रयासों को ध्यान में रखते हुए इस नई एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन प्रारंभ किया जा रहा है।
नई एक्सप्रेस ट्रेन बुधवार एवं शुक्रवार को रामनगर से प्रातः 5.50 बजे प्रस्थान कर 12.40 बजे देहरादून पहुँचेगी। वापसी में यह ट्रेन उसी दिन देहरादून से 3.55 बजे अपराह्न प्रस्थान कर 11.30 बजे रात्रि रामनगर पहुँचेगी। मार्ग में यह ट्रेन काशीपुर, रोशनपुर, पीपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद तथा हरिद्वार स्टेशनों पर ठहरेगी। रामनगर और देहरादून के मध्य संचालित होने वाली यह पहली एक्सप्रेस ट्रेन है, जिससे क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हुई है। इस ट्रेन के संचालन से उत्तराखण्ड के नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार और देहरादून तथा उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद और बिजनौर जिलों के छात्रों, किसानों, व्यापारियों एवं अन्य यात्रियों को विशेष सुविधा प्राप्त होगी। यात्रियों को प्रदेश की राजधानी देहरादून तथा तीर्थनगरी हरिद्वार जाकर उसी दिन अपने कार्य संपन्न कर वापस लौटने की सुविधा उपलब्ध होगी। यह ट्रेन जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान आने वाले पर्यटकों एवं वन्यजीव प्रेमियों के साथ-साथ रामनगर के निकट स्थित गिरिजा देवी मंदिर तथा सीतामढ़ीध्सीतावनी जैसे धार्मिक एवं पौराणिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी लाभदायक सिद्ध होगी। इसके अतिरिक्त हरिद्वार एवं देहरादून से बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री एवं यमुनोत्री सहित चारधाम यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को भी बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध होगा। यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन में वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, वातानुकूलित चेयर कार, शयनयान, द्वितीय श्रेणी चेयर कार तथा सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.