होमस्टे में महिला की मौत की मजिस्ट्रेट जांच होगी

मसूरी। विगत दिनों मसूरी टिहरी मोटर मार्ग टिपड़ी धार में पति के साथ दिल्ली से घूमने आयी नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत की जांच के लिए जिलाधिकारी ने उप जिला मजिस्ट्रेट मसूरी को जांच अधिकारी नामित किया है व इस संबंध में 17 जुलाई तक साक्ष्य प्रस्तुत किए जा सकेंगे।
मसूरी टिहरी मोटर मार्ग पर टिपड़ी धार के कियाना होम स्टे में पति के साथ घूमने आयी नव विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी थी। इस संबंध में उप जिला मजिस्ट्रेट राहुल आनंद ने अवगत कराया कि गत 15 जून को कियाना होम स्टे में  राधा गायत्री की रहस्यमय मृत्यु होने पर कोतवाली मसूरी में मुकदमा दर्ज किया गया। लेकिन पोस्ट मार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का स्पष्ट कारण प्रकाश में नहीं आया। अब इस प्रकरण में जिलाधिकारी ने आदेश जारी कर प्रकरण की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश किए है। जिसमें उन्हें जांच अधिकारी नामित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस घटना के संबंध में जिस किसी भी व्यक्ति को कुछ कहना हो, तो वह मौखिक अथवा लिखित साक्ष्य के माध्यम से 17 जुलाई 2026 तक मेरे कार्यालय व न्यायालय देहरादून में किसी भी कार्यदिवस पर उपस्थित होकर आपना साक्ष्य या पक्ष प्रस्तुत कर सकता है।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.