अनियंत्रित होकर कार खाई में गिरी पांच की मौत

नैनीताल। नैनीताल के भवालीगांव बाईपास के समीप एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार सभी 5 लोगों की मौत हो गयी। सभी मृतक उत्तर प्रदेश के निवासी बताए जा रहे है। घटना दोपहर करीब ढाई बजे की है। पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहंुचकर सभी को रेस्क्यू कर खाई से बाहर निकाला। मृतकों के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार भवाली स्थित ढैला गांव के पास एक यूपी नंबर की कार बेकाबू होकर खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार सभी 5 लोगों की मौत हो गई। सभी पर्यटक लखनऊ से नैनीताल घूमने आए थे। लेकिन कैंची धाम क्षेत्र में कार अनियंत्रित होकर करीब 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी। कैंची धाम क्षेत्र में फूड वैन लगाने वाले एक व्यक्ति द्वारा कार को खाई में गिरते देखा। जिसके बाद घटना की सूचना तत्काल 112 के माध्यम से पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस, एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी को खाई से बाहर निकाल नजदीकी प्राथमिक समुदाय केंद्र भेजा। जहां डॉक्टर ने सभी को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है सभी लोग बीते 19 मई को नैनीताल घूमने पहुंचे थे और आज 21 मई को कैंची धाम क्षेत्र से लगे भवाली गांव में अपने किसी परिचित के घर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में पिता, पुत्र, मां, बेटी और ड्राइवर की मौत हो गई।
इस मामले में नैनीताल सीओ रविकांत सेमवाल का कहना है कि, कार यूपी के लखनऊ की है। ड्राइवर की पहचान नहीं हो पाई है। कार सवार लोगों की पहचान मूल रूप से उधम सिंह नगर के खटीमा के चुफाल लोगों के रूप में हुई है, जो वर्तमान में उत्तर प्रदेश के लखनऊ में रहते हैं। हादसे में दो मृतक 45 साल से अधिक उम्र के हैं। जबकि 12 और 19 साल के दो बच्चे भी शामिल हैं।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.